मुंबई, 15 अप्रैल (भाषा) प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने मुंबई में पश्चिमी नौसेना कमान के मुख्यालय का दौरा किया और इस दौरान उन्हें इसकी परिचालन तैयारियों के बारे में जानकारी दी गई।
शनिवार को एक बयान में कहा गया कि जनरल अनिल चौहान ने 14 अप्रैल को एचक्यूडब्ल्यूएनसी का दौरा किया और पश्चिमी नौसेना कमान में एफओसी-इन-सी, वाइस एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी के साथ बातचीत की।
बयान में कहा गया, ‘‘उन्हें पश्चिमी नौसेना कमान की भूमिका, जिम्मेदारियों और परिचालन तैयारियों तथा पश्चिमी समुद्री तट की सुरक्षा के लिए स्थापित उपायों के बारे में जानकारी दी गई।’’
चौहान ने सेना के तीनों अंगों के वरिष्ठ अधिकारियों को संबोधित किया और उनसे बातचीत की और उन्हें वर्तमान युग में तैयार रहने और प्रासंगिक बने रहने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया।
बयान के अनुसार, ‘‘उन्होंने संयुक्त कौशल, एकीकरण और ‘थिएटराइजेशन’ तथा आत्मनिर्भरता की महत्वपूर्ण भूमिका पर आगे के रास्ते पर भी चर्चा की।’’
देश के शीर्ष सैन्य अधिकारी जनरल चौहान ने शुक्रवार को नवीनतम विध्वंसक पोत आईएनएस मोरमुगाओ, पनडुब्बी आईएनएस वेला और नौसेना डॉकयार्ड, मुंबई में इकाइयों का दौरा भी किया।
एक रक्षा बयान में बताया गया कि मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड के दौरे के दौरान उन्हें नौसैनिक जहाज निर्माण और स्वदेशीकरण में प्रगति के बारे में जानकारी दी गई।
भाषा अमित वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.