पालघर, 15 मई (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में रविवार को सामूहिक विवाह समारोह के लिए बनाए गए पंडाल के ढहने से एक दुल्हन और तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दहानू तालुका के आइना गांव में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में मेहमानों सहित कई लोग मौजूद थे, जहां 125 जोड़े शादी के बंधन में बंधने वाले थे।
दहानू पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि जब समारोह चल रहा था, तेज हवा चलने के कारण पंडाल ढह गया। इसके बाद लोग पंडाल से बाहर भागने लगे, जिससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
अधिकारी ने कहा कि एक दुल्हन और तीन अन्य लोगों को मामूली चोट आई है, जिन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया।
एक स्थानीय संगठन द्वारा आयोजित समारोह को बाद में पास के पंडाल में स्थानांतरित कर दिया गया।
भाषा फाल्गुनी संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.