scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशपीएसआई भर्ती घोटाला मामले में अदालत ने राज्य को नोटिस जारी किया

पीएसआई भर्ती घोटाला मामले में अदालत ने राज्य को नोटिस जारी किया

Text Size:

बेंगलुरु, 19 मई (भाषा) कर्नाटक उच्च न्यायालय ने राज्य में पुलिस उप-निरीक्षक (पीएसआई) भर्ती घोटाले के मामले में बृहस्पतिवार को राज्य को और पुलिस उपाधीक्षक नरसिम्हा मूर्ति को आपात नोटिस जारी किये। मूर्ति इस मामले में शिकायतकर्ता हैं।

भर्ती परीक्षा में शीर्ष वरीयता प्राप्त रचना हनमंत और जागृत एस ने इस महीने अदालत का रुख किया था। मामले में बेंगलुरु में दर्ज दूसरी प्राथमिकी में उनके नाम थे।

याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश वकील ने दलील दी कि बिना प्रथम दृष्टया सबूत के प्राथमिकी दर्ज की गयी है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों को बदले की भावना से गलत तरह से फंसाया गया है।

रचना और जागृत ने पूर्व में घोटाले के खिलाफ प्रदर्शन में हिस्सा लिया था।

राज्य में पीएसआई के 545 पदों को भरने के लिए पिछले साल अक्टूबर में हुई भर्ती परीक्षा तब विवाद में फंस गयी जब पता चला कि कुछ अभ्यर्थियों को लाभ पहुंचाने के लिहाज से ओएमआर शीट के साथ छेड़छाड़ की गयी है।

पुलिस ने घोटाले के सिलसिले में दो प्राथमिकी दर्ज की हैं और कुछ अभ्यर्थियों समेत 30 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

अदालत ने बृहस्पतिवार को आपात नोटिस जारी करने के बाद मामले में सुनवाई के लिए 25 मई की तारीख तय की।

राज्य सरकार ने हाल ही में परीक्षा को रद्द करने का और पुन: परीक्षा कराने का निर्णय लिया था।

भाषा वैभव मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments