scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमदेशदुष्कर्म मामले में मंत्री के बेटे को गिरफ्तार करने जयपुर पहुंची दिल्ली पुलिस

दुष्कर्म मामले में मंत्री के बेटे को गिरफ्तार करने जयपुर पहुंची दिल्ली पुलिस

Text Size:

नयी दिल्ली/जयपुर, 15 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस का एक दल 23 वर्षीय महिला के कथित दुष्कर्म मामले में राजस्थान के मंत्री महेश जोशी के बेटे रोहित जोशी को गिरफ्तार करने रविवार को जयपुर पहुंचा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस के दल ने राजस्थान के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री महेश जोशी के बेटे रोहित को 18 मई तक सदर बाजार थाने में पेश होने को कहा है।

दिल्ली पुलिस के दल ने जयपुर की सेन कॉलोनी में जोशी के निर्माणाधीन आवास का दौरा किया, जहां उसने रोहित के जांच में शामिल होने के लिए एक नोटिस चस्पा किया।

नाटिस में कहा गया है, ‘‘आपको सूचित किया जाता है कि दिल्ली के सदर बाजार थाने में आपके (रोहित जोशी) खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है। आपको अधोहस्ताक्षरकर्ता के समक्ष पेश होने और 18 मई को दोपहर एक बजे सदर बाजार पुलिस थाने में आपके पास उपलब्ध किसी भी प्रासंगिक रिकॉर्ड/दस्तावेज के साथ जांच में शामिल होने का निर्देश दिया जाता है।”

मामले की जांच दिल्ली सदर थाने की पुलिस उपनिरीक्षक शर्मिला यादव को सौंपी गई है। पुलिस दल मंत्री के सरकारी आवास पर नहीं गया।

महेश जोशी ने रविवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘मुझे पता चला है कि दिल्ली पुलिस जयपुर पहुंच गई है। उसने मुझसे संपर्क नहीं किया है। मैं पहले भी कह चुका हूं कि मैं सच और न्याय के साथ खड़ा हूं। मैं कानून का पालन करने वाला नागरिक हूं। जब दिल्ली पुलिस मेरे पास आएगी तो मैं जांच में सहयोग करूंगा।’’

हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि रोहित जयपुर में है या नहीं।

राजस्थान पुलिस ने दिल्ली पुलिस के रोहित की गिरफ्तारी के लिए जयपुर आने की पुष्टि की। जयपुर के पुलिस आयुक्त आनंद श्रीवास्तव ने ‘पीटीआई भाषा’ से कहा, ‘‘दिल्ली पुलिस का एक दल रविवार सुबह जयपुर आया है। हम जांच में उसका सहयोग कर रहे हैं।’’

वहीं, दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हमारे अधिकारियों का दल मामले में फरार रोहित को पकड़ने के लिए जयपुर पहुंच गया है। हमारा दल उसका पता लगाने के लिए दबिश दे रहा है।’’

कुछ दिन पहले जयपुर की 23 वर्षीय युवती ने आरोप लगाया था कि राजस्थान के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री के बेटे रोहित ने पिछले एक साल से अधिक समय में कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने शुरुआत में शून्य प्राथमिकी दर्ज की थी।

पुलिस के मुताबिक, बाद में शून्य प्राथमिकी को नियमित प्राथमिकी में बदल दिया गया। प्राथमिकी में दुष्कर्म की कथित घटना को सदर बाजार थाने के अधिकार क्षेत्र में अंजाम दिए जाने का आरोप लगाया गया है।

महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उसके साथ पिछले साल आठ जनवरी से इस साल 17 अप्रैल के बीच कई बार दुष्कर्म किया गया।

महिला ने दावा किया है कि उसकी पिछले साल फेसबुक पर रोहित से दोस्ती हुई थी, जिसके बाद वे एक-दूसरे के संपर्क में रहने लगे। दोनों पहली बार जयपुर में मिले और रोहित ने कथित तौर पर उसे आठ जनवरी 2021 को सवाई माधोपुर में आमंत्रित किया।

महिला ने आरोप लगाया कि पहली मुलाकात में रोहित ने उसके पेय पदार्थ में नशीली वस्तु मिला दी और उसका फायदा उठाया।

प्राथमिकी के अनुसार, जब अगली सुबह महिला उठी तो आरोपी ने उसकी निर्वस्त्र तस्वीरें और वीडियो दिखाए, जिससे वह परेशान हो गई।

एक अन्य मुलाकात का जिक्र करते हुए महिला ने आरोप लगाया कि रोहित एक बार उससे दिल्ली में भी मिला था और उसने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की थी।

महिला ने आरोप लगाया, ‘‘रोहित ने मुझे एक होटल में बुलाया, जहां उसने पति और पत्नी के तौर पर हमारा नाम लिखवाया। उसने फिर मुझसे शादी का वादा किया…लेकिन उसने शराब पी और मुझसे गाली-गलौज की। वह मुझे मारता था और मेरे आपत्तिजनक वीडियो बनाता था। वह उन्हें सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देता था।’’

प्राथमिकी में दर्ज शिकायत में कहा गया है कि अगस्त 2021 में युवती को पता चला कि वह गर्भवती है और उसने आरोप लगाया कि रोहित ने उसे जबरन गर्भ निरोधक दवा खिलाने की कोशिश की, लेकिन उसने नहीं खाई।

भाषा

कुंज पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments