नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) होली खेलने को लेकर हुई झड़प में 26 वर्षीय युवक की मौत के बाद, शुक्रवार को दिल्ली के उत्तम नगर में तनाव व्याप्त रहा और इस दौरान एक कार और एक मोटरसाइकिल को आग लगा दी गई तथा हिंदू राजनीतिक संगठनों के विरोध प्रदर्शनों के कारण यहां कई घंटों तक यातायात बाधित रहा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों ने उत्तम नगर पूर्व मेट्रो स्टेशन के पास विरोध प्रदर्शन किया, जिससे मुख्य सड़क अवरुद्ध हो गई और घंटों यातायात ठप रहा। प्रदर्शनकारी हत्या में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
व्यस्त इलाके में कई प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए और नारेबाजी की। घंटों तक चले इस प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं।
पुलिस कर्मियों को प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने और क्षेत्र में यातायात की आवाजाही बहाल करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि उनका प्राथमिक ध्यान सड़क को खाली कराना था ताकि यातायात सामान्य हो सके और यात्रियों को लंबे समय तक असुविधा का सामना न करना पड़े।
अधिकारी ने कहा, ‘हमारी टीमों ने प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाने के लिए प्रयास किया ताकि वाहनों की आवाजाही बहाल हो सके। कई एंबुलेंस भी यातायात जाम में फंसी हुई थीं।’
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बार-बार की अपील के बाद भी जब प्रदर्शनकारी सड़क खाली करने को तैयार नहीं हुए, तो उन्हें तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति को संभालने और यातायात को नियंत्रित करने में मदद के लिए पास के कई थानों के प्रभारियों (एसएचओ) को भी विरोध स्थल पर पहुंचने के लिए कहा गया।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर कड़ी नजर रखने और यातायात बाधित करने वालों की पहचान के लिए ड्रोन भी तैनात किए।
इस बीच, इलाके में व्याप्त तनाव के बीच, शुक्रवार दोपहर उत्तम नगर के जेजे कॉलोनी इलाके में खड़ी एक कार और एक मोटरसाइकिल को आग लगा दी गई।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने बताया कि उसे अपराह्न 2.02 बजे दो वाहनों – एक कार और एक मोटरसाइकिल – में आग लगाने की सूचना मिली।
डीएफएस के एक अधिकारी ने कहा, ‘दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और आग पर तुरंत काबू पा लिया गया। पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है।’
पुलिस ने बताया कि आग की घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है कि वाहनों में आग किसने लगाई।
छब्बीस वर्षीय तरुण की मौत के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। बुधवार को होली के जश्न के दौरान अलग अलग समुदाय के दो परिवारों के बीच हुई झड़प में घायल होने के बाद इलाज के दौरान तरूण ने दम तोड़ दिया था।
स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवान तैनात किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, घटना जेजे कॉलोनी में उस समय हुई जब होली मनाने के दौरान दो परिवारों के सदस्यों के बीच विवाद हो गया।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि विवाद एक महिला पर गुब्बारे से रंग पड़ने के बाद शुरू हुआ, जिससे तीखी बहस हुई और जल्द ही इसने हिंसक झड़प का रूप ले लिया।
झड़प के दौरान दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। तरुण को गंभीर चोटें आईं और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि विवाद तब शुरू हुआ जब घर की छत से होली खेल रही 11 वर्षीय बच्ची ने नीचे अपने रिश्तेदारों पर पानी का गुब्बारा फेंका।
गुब्बारा सड़क पर गिरकर फट गया, जिससे दूसरे परिवार की एक महिला पर रंग पड़ गया। तरुण के दादा मान सिंह के अनुसार महिला ने अपशब्द बोलना शुरू कर दिया और झगड़ा शुरू कर दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में महिला ने अपने परिवार और समुदाय के कई सदस्यों को इकट्ठा किया जिन्होंने होली खेल रहे उनके परिवार के सदस्यों पर हमला किया।
सिंह ने दावा किया कि हालांकि मामला शुरू में शांत होता दिख रहा था, लेकिन दूसरे परिवार के सदस्यों ने बाद में इकट्ठा होकर तरुण पर तब हमला किया जब वह घर लौट रहा था।
घटना के बाद, मृतक के परिजनों और स्थानीय निवासियों ने बृहस्पतिवार को उत्तम नगर थाने के बाहर प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रदर्शनकारी बड़ी संख्या में जमा हुए और उन्होंने बृहस्पतिवार और शुक्रवार को कई घंटों तक थाने का घेराव किया।
पुलिस ने अब तक इस हत्या के सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। पुलिस ने कहा कि वे इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रहे हैं और गवाहों के बयान दर्ज कर रहे हैं।
द्वारका के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कुशल पाल सिंह ने कहा, ‘हमें पता चला कि झगड़ा गुब्बारे फेंकने से शुरू हुआ था। हमने प्राथमिकी दर्ज कर ली है, चार लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। आगे की जांच जारी है।’
पुलिस ने कहा कि इलाके में सुरक्षा कड़ी रहेगी और सख्त निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने निवासियों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की भी अपील की।
पुलिस ने कहा कि जब तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, इलाके में अतिरिक्त कर्मी तैनात रहेंगे।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
