नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) भारतीय युवा कांग्रेस ने बुधवार को यहां जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार को बहाल करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मार्च निकाला।
पुलिस ने संसद मार्ग थाने के निकट प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में ‘जंतर-मंतर वापस लाओ’ अभियान के तहत यह मार्च पटेल चौक मेट्रो स्टेशन से शुरू हुआ और जंतर-मंतर की ओर बढ़ा।
युवा कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख वरुण पांडेय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस की युवा इकाई ने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का अधिकार लोकतंत्र का मूल सिद्धांत है और नागरिकों को अपनी चिंताएं उठाने के लिए निर्धारित सार्वजनिक स्थानों तक पहुंच मिलनी चाहिए।
चिब ने कहा, ‘‘जंतर-मंतर देश की जनता का है। यह लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक स्वतंत्रताओं का प्रतीक है। नागरिकों को बिना किसी डर या मनमाने प्रतिबंध के अपनी चिंताएं उठाने का अधिकार मिलना चाहिए।’’
युवा कांग्रेस ने कहा कि जंतर-मंतर को प्रदर्शन के लिए उपलब्ध कराने की उसकी मांग को लेकर अभियान लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से जारी रहेगा।
दरअसल, दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थलों की सूची से बाहर कर दिया है।
भाषा हक हक रंजन
रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.