नई दिल्ली: सिख अलगाववादी और प्रतिबंधित संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू ने दावा किया है कि उसे रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) और अमेरिका की फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) से धमकी को लेकर अलर्ट मिले हैं. सोशल मीडिया पर जारी एक नए वीडियो में पन्नू ने कहा कि अमेरिका और कनाडा की एजेंसियों ने उसे संभावित खतरों के बारे में जानकारी दी और इन खतरों का समाधान होने तक यात्रा से बचने को कहा.
पन्नू को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आतंकवादी घोषित किया हुआ है.
अमेरिका ने 2024 में पन्नू की हत्या की साजिश का खुलासा करने की घोषणा की थी. इस साजिश को एक पूर्व भारतीय अधिकारी और एक भारतीय कारोबारी ने रचा था. पूर्व भारतीय अधिकारी विकास यादव भारत की बाहरी खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) का पूर्व अधिकारी था और उसने कथित तौर पर निखिल गुप्ता को इस साजिश में शामिल किया था. अमेरिका की जेल में बंद गुप्ता ने आरोपों को कबूल कर लिया है और सज़ा का इंतज़ार कर रहा है. वहीं यादव के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी है और एफबीआई ने उस पर इनाम भी घोषित किया है.
पन्नू का नया वीडियो एक अन्य घोषित आतंकवादी सतिंदरजीत सिंह उर्फ ‘गोल्डी बराड़’ और ब्रिटेन में रहने वाले सिख अलगाववादी परमजीत सिंह पम्मा के बीच फोन पर हुई बातचीत की ऑडियो क्लिप सामने आने के कुछ दिन बाद आया है. इस ऑडियो में गोल्डी बराड़ ने जून 2023 में प्रतिबंधित संगठन खालिस्तान टाइगर फोर्स के पूर्व प्रमुख हरदीप सिंह निज्जर की हत्या करने की बात कबूल की थी.
पन्नू के करीबी सहयोगी निज्जर की कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में उसके गुरुद्वारे के बाहर बंदूकधारियों ने हत्या कर दी थी. कनाडा की तत्कालीन जस्टिन ट्रूडो सरकार ने इस हत्या को भारत सरकार के अज्ञात एजेंटों से जोड़ा था. इससे दोनों देशों के बीच राजनयिक विवाद बढ़ गया था. भारत ने ट्रूडो के आरोपों को “बेतुका” बताया था और उन्हें खारिज कर दिया था.
नए वीडियो में पन्नू ने बराड़ और जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को चेतावनी दी कि वे अमेरिका और कनाडा की अदालतों और एजेंसियों से खुद को बचा सकते हैं. पन्नू ने वीडियो में कहा, “FBI से खुद को बचा सकते हो, लेकिन खालसा के न्याय से खुद को नहीं बचा पाओगे.”
पन्नू ने आगे कहा, “जिस दिन अमेरिका और कनाडा की अदालतों में मामले बंद होंगे, उस दिन खालसा का न्याय और सज़ा तुम तक पहुंच जाएगी.”
अमेरिका और कनाडा दोनों की नागरिकता रखने वाले पन्नू को भारत सरकार ने 2020 में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 के तहत व्यक्तिगत आतंकवादी घोषित किया था. पंजाब के पन्नू के संगठन SFJ के खिलाफ करीब 100 मामले दर्ज हैं. इनमें उसके द्वारा दी गई धमकियों के मामले भी शामिल हैं. इन धमकियों में विश्व कप के दौरान अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम को उड़ाने की धमकी से लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर मिले एक वॉइस नोट तक शामिल हैं, जिसमें संसद और लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: