scorecardresearch
Saturday, 13 June, 2026
होमदेशयोगी आदित्यनाथ ने सपा प्रमुख की बेटी के खिलाफ सोशल मीडिया पर टिप्पणियों की निंदा की, सपा कार्यकर्ताओं को भी किया आगाह

योगी आदित्यनाथ ने सपा प्रमुख की बेटी के खिलाफ सोशल मीडिया पर टिप्पणियों की निंदा की, सपा कार्यकर्ताओं को भी किया आगाह

Text Size:

आजमगढ़ (उप्र), 13 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित अपमानजनक टिप्पणियों की निंदा करते हुए कहा कि किसी भी बेटी के खिलाफ ऐसी टिप्पणियां अस्वीकार्य हैं और मामले में पुलिस कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि यादव को दूसरों के खिलाफ टिप्पणी करने से पहले अपने पार्टी कार्यकर्ताओं पर “लगाम” लगानी चाहिए।

आदित्यनाथ ने 955 करोड़ रुपये से अधिक की 39 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद आज़मगढ़ में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मामला उनके संज्ञान में आते ही उन्होंने पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया था।

उन्होंने कहा, “मैं हाल ही में देख रहा था कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव जी की बेटी के खिलाफ टिप्पणी कर रहे थे। जैसे ही यह मेरे संज्ञान में आया, मैंने तुरंत पुलिस को इसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए कहा।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए और समाज को सार्वजनिक चर्चा में गरिमा बनाए रखनी चाहिए।

उन्होंने कहा, “बेटी तो बेटी होती है। हम इन मूल्यों के साथ बड़े हुए हैं कि गांव की बेटी सबकी बेटी होती है और गांव की बहन सबकी बहन होती है। हमने कभी कोई भेदभाव नहीं किया।”

सपा मुखिया पर निशाना साधते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, “अखिलेश जी, आप दूसरों को तो सलाह देते ही हैं, लेकिन अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं को भी भाषा संयमित रखने की सलाह देते हैं।”

उन्होंने कहा कि लोगों को दूसरों के बारे में टिप्पणी करने से पहले सोचना चाहिए और महिलाओं, बुजुर्गों, मृत व्यक्तियों और वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है उस पर विचार करना चाहिए।

उन्होंने कहा, “आपको भी अपने लोगों को सिखाने की जरूरत है। बेहतर होगा कि आप उन्हें समझाएं और अगर वे नहीं समझ सकते तो उन्हें हमारे हवाले कर दें, हम उन्हें ठीक से समझा देंगे।”

यह टिप्पणी अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के खिलाफ कथित ऑनलाइन ट्रोलिंग और आपत्तिजनक टिप्पणियों के बाद समाजवादी पार्टी और संबद्ध संगठनों द्वारा की गई शिकायतों के बाद आई है। मामले को लेकर कानपुर समेत कुछ जिलों की पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है और मामला भी दर्ज कर लिया है ।

भाषा किशोर जफर प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments