अयोध्या, आठ जुलाई (भाषा) फिल्म अभिनेता अनुपम खेर ने राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर बुधवार को कहा कि गलत काम करने वालों की आलोचना होनी चाहिए लेकिन इससे मंदिर, भगवान राम या सनातन की पवित्रता कम नहीं होती।
अपनी आगामी फिल्म ‘श्री राम भूमि’ की शूटिंग के लिए अयोध्या पहुंचे खेर ने शूटिंग शुरू करने से पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन किए और राम मंदिर में पूजा की। उन्होंने ‘पीटीआई-वीडियो’ सेवा से कहा, “जब किसी घर में चोरी होती है, तो घर की नहीं बल्कि चोर की निंदा की जाती है। हिंदू समाज को भी यह समझना चाहिए। गलत काम की आलोचना होनी चाहिए लेकिन इससे मंदिर, भगवान राम या सनातन की पवित्रता कम नहीं होती।”
खेर ने कहा कि भगवान राम और भगवान हनुमान का आशीर्वाद लिए बिना कोई भी नया कार्य शुरू नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा, “हमारी नई फिल्म ‘श्री राम भूमि’ की शूटिंग अगले 10 से 12 दिनों तक अयोध्या में होगी। मैं यहां भगवान राम और भक्त हनुमान का आशीर्वाद लेने आया हूं। मैंने सभी के स्वास्थ्य और शांति के लिए प्रार्थना की है।”
अभिनेता ने राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी को गलत बताते हुए कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए था।
राम मंदिर में दान के कथित दुरुपयोग को लेकर जारी विवाद के बीच खेर की यह टिप्पणी आई है।
पुलिस इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है जबकि विशेष जांच दल (एसआईटी) कथित चोरी की जांच कर रहा है।
भाषा जफर जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.