scorecardresearch
Saturday, 27 April, 2024
होमदेशकांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में ‘नारी शक्ति’, प्रियंका गांधी भी बेटी के साथ हुईं शामिल

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में ‘नारी शक्ति’, प्रियंका गांधी भी बेटी के साथ हुईं शामिल

राजस्थान में यात्रा के सातवें दिन पार्टी कार्यकर्ताओं और आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं बड़ी संख्या में राहुल, प्रियंका और अन्य यात्रियों के साथ कोटा-लालसोट मेगा राजमार्ग पर पहुंचीं.

Text Size:

नई दिल्लीः कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में सोमवार को महिलाएं राहुल गांधी के साथ कदमताल करती नज़र आ रही हैं. राजस्थान में यात्रा के सातवें दिन की शुरुआत राहुल के नेतृत्व में बूंदी जिले के तेजाजी मंदिर से की गई. आज की यात्रा को ‘नारी शक्ति पद यात्रा’ नाम दिया गया है.

गांधी के साथ पदयात्रा में उनकी बहन एवं पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, उनके पति रॉबर्ट वाड्रा, उनकी बेटी मिराया और सैकड़ों महिलाओं ने शिरकत की.

पार्टी कार्यकर्ताओं और आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं सहित बड़ी संख्या में महिलाएं राहुल और प्रियंका गांधी व अन्य यात्रियों के साथ कोटा-लालसोट मेगा राजमार्ग पर पहुंचीं. यात्रा आज बाबाई से सवाई माधोपुर जिले में प्रवेश करने के बाद विश्राम के लिए रुकेगी.

बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई थी. राजस्थान में आज यात्रा का सातवां दिन है और बूंदी जिले में इसका आखिरी दिन है.

अच्छी पत्रकारिता मायने रखती है, संकटकाल में तो और भी अधिक

दिप्रिंट आपके लिए ले कर आता है कहानियां जो आपको पढ़नी चाहिए, वो भी वहां से जहां वे हो रही हैं

हम इसे तभी जारी रख सकते हैं अगर आप हमारी रिपोर्टिंग, लेखन और तस्वीरों के लिए हमारा सहयोग करें.

अभी सब्सक्राइब करें

यात्रा में पहले दिन से पदयात्रा कर रहे राहुल राव ने कहा, ‘आज 96वें दिन की भारत जोड़ो यात्रा नारी शक्ति के साथ सुबह करीब छह बजे बाबाई गांव में तेजाजी महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना करने, राष्ट्रगान गाने और राष्ट्र ध्वज फहराने के बाद शुरू हुई.’

उन्होंने बताया कि इस दौरान सड़कों पर बड़ी संख्या में महिलाएं यात्रियों का अभिवादन करने के लिए एकत्रित हुईं और मार्च का हिस्सा भी बनी.


यह भी पढ़ेंः ‘फर्जी आधार कार्ड, बांग्लादेशी पासपोर्ट’- कानपुर में ‘राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा’ होने के आरोप में 5 गिरफ्तार


आज यात्रा में चलेंगी केवल महिलाएं

कांग्रेस के इंदरगढ़ (बूंदी) ब्लॉक अध्यक्ष अजय शर्मा ने कहा कि आज सुबह जब यात्रा दोबारा बहाल की गई तो पांच हज़ार से अधिक महिलाओं ने राहुल और प्रियंका गांधी के साथ यात्रा में शिरकत की और यात्रा के आगे बढ़ने के साथ भी बड़ी संख्या में कई महिलाएं इसमें जुड़ती गईं.

प्रियंका गांधी ने यात्रा की तस्वीरें शेयर करते हुए कहा, ‘महिलाओं की तरक्की से ही, देश की तरक्की संभव है. महिला सशक्तिकरण के संदेश व संकल्प के साथ आज की भारत जोड़ो यात्रा.’

कांग्रेस की यात्रा का स्वागत करने पहुंचीं महिलाएं इस दौरान पारंपरिक परिधान में थीं. यात्रा में शामिल महिलाओं ने राहुल की लंबी उम्र के लिए लोकगीत गाए. सुबह 4 बजे से ही लोग राहुल गांधी की एक झलक पाने के इंतज़ार में मौजूद थे.

राव ने कहा कि राहुल गांधी ने पदयात्रियों के साथ बातचीत की.

यात्रा के दौरान पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी लोकनृत्य कर रहीं महिलाओं के साथ झूमती नज़र आईं.

राज्य में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के सह-समन्वयक कपिल यादव ने बताया कि 96वें दिन की यात्रा महिला सशक्तिकरण को समर्पित है और इसीलिए इसे आज ‘नारी शक्ति पद यात्रा’ का नाम दिया गया है.

भारतीय युवा कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर यात्रा की तस्वीरों के साथ कहा गया, आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर कल सुनिश्चित करने के मकसद से भारत में महिलाएं हाथों में हाथ डालकर चलते हुए!

बता दें कि राजस्थान एकमात्र कांग्रेस शासित राज्य है जहां अभी तक यात्रा पहुंची है. यात्रा 21 दिसंबर को हरियाणा में प्रवेश करने से पहले यहां 17 दिन में करीब 500 किलोमीटर का सफर तय करेगी.

गौरतलब है कि भारत जोड़ो यात्रा सात सितंबर को तमिलनाडु में कन्याकुमारी से शुरू हुई और अब तक तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक तथा तेलंगाना सहित पांच दक्षिणी राज्यों और महाराष्ट्र तथा मध्य प्रदेश से होकर गुज़र चुकी है. फरवरी की शुरुआत में जम्मू-कश्मीर में यह यात्रा सम्पन्न होगी. यात्रा के तहत 150 दिन में 3,570 किलोमीटर का सफर तय करने का लक्ष्य है.


यह भी पढ़ेंः एक रात, 17,000 पुलिस और 9,500 गिरफ्तारियां – कैसे MP पुलिस ने दिया अपने पहले समन्वित अभियान को अंजाम


 

share & View comments