चंडीगढ़, 20 अप्रैल (भाषा) पंजाब में एक तांत्रिक के कहने पर दो लोगों ने 50 वर्षीय एक महिला पर हमला कर उसकी बलि देने की कोशिश की। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
तांत्रिक ने कथित तौर पर दोनों आरोपियों से कहा था कि मानव बलि देने से वे अमीर हो जाएंगे। रातों-रात अमीर बनने की चाहत में दोनों हमलावर पुलिस की गिरफ्त में आ गए।
रोपड़ रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह ऊर्फ कीपा और जसवीर सिंह उर्फ जस्सी के तौर पर की है। उन्होंने बताया कि दोनों यहां से करीब 40 किलोमीटर दूर फतेहगढ़ साहिब के फिरोजपुर गांव के रहने वाले हैं।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अपराध में इस्तेमाल एक मोटरसाइकिल और एक दरांती भी बरामद की है।
आईजी ने कहा कि फतेहगढ़ साहिब के फरोर गांव की रहने वाली पीड़िता बुधवार सुबह फिरोजपुर में एक नहर के पास खेत में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली।
आईजी के मुताबिक, महिला की हालत अब खतरे से बाहर है और उसका चंडीगढ़ के एक अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
भाषा प्रशांत पारुल
पारुल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.