scorecardresearch
Friday, 23 October, 2026
होमदेशकर्नाटक के हुब्बली में चीनी मांझे से गला कटने से महिला की मौत, सरकार ने कार्रवाई का दिया आश्वासन

कर्नाटक के हुब्बली में चीनी मांझे से गला कटने से महिला की मौत, सरकार ने कार्रवाई का दिया आश्वासन

Text Size:

हुब्बली, 23 अक्टूबर (भाषा) कर्नाटक के हुब्बली शहर में दोपहिया वाहन पर सवार 38 वर्षीय महिला की गर्दन में चीनी मांझा कथित तौर पर उलझ गया और उससे गला कटने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

मृत महिला की पहचान विद्या मंजूनाथ गौडर के रूप में हुई है। वह हुब्बली के पुराने इलाके में भारत नगर की निवासी थीं। पुलिस के अनुसार, वह एक अस्पताल में प्रयोगशाला तकनीशियन के रूप में काम करती थीं।

इस बीच, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने कहा कि सरकार खतरनाक मांझे पर लगी पाबंदी को और सख्ती से लागू करेगी तथा सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार को कारवार रोड पर शिवशंकर कॉलोनी के पास पुराने हुब्बली पुलिस थाना क्षेत्र में उस समय हुई, जब विद्या काम पर जा रही थीं।

पुलिस के अनुसार, मांझा कथित तौर पर उनकी गर्दन में उलझ गया, जिससे दोपहिया वाहन पर उन्होंने नियंत्रण खो दिया और वह सड़क पर गिर गईं। उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

महिला की मौत पर दुख जताते हुए, परमेश्वर ने इस घटना को ‘‘बेहद दुखद’’ बताया और ऐसी त्रासदियों को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की बात कही।

उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘मनोरंजन का कोई भी पल किसी इंसान की जान से कीमती नहीं होता। कोई भी जश्न ऐसा नहीं हो सकता, जिसके कारण किसी परिवार को जीवन भर के लिए दुख झेलना पड़े।’’

परमेश्वर ने कहा, ‘‘अगर जरूरत पड़ी, तो हम नियमों को और सख्त करेंगे ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।’’

हुब्बली-धारवाड़ के पुलिस आयुक्त बोरासे भूषण गुलाबराव ने कहा कि शहर में प्रतिबंधित चीनी मांझा बेचने वालों की पहचान करने और उसे जब्त करने के लिए सभी पुलिस थानों में टीम गठित की गई हैं।

उन्होंने कहा कि इस खतरनाक धागे को बेचने वालों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए जाएंगे। इसका इस्तेमाल करते पाए जाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी, चाहे वे विद्यार्थी हों या वयस्क।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि नाबालिगों के मामले में सार्वजनिक जीवन को खतरे में डालने के आरोप में उनके माता-पिता के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने पहले भी सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाकर लोगों से चीनी मांझे का इस्तेमाल न करने और इसके बजाय पतंग की सामान्य डोर का उपयोग करने की अपील की थी।

गुलाबराव ने लोगों से अपील की कि वे खतरनाक धागे का इस्तेमाल करने वालों के बारे में पुलिस के सोशल मीडिया माध्यमों पर सूचना दें। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीम तुरंत कार्रवाई करेंगी और मांझे को जब्त कर लेंगी।

उन्होंने कहा, ‘‘आपके मनोरंजन से किसी दूसरे की जान नहीं जानी चाहिए। जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाएं।’’

इस बीच, जिस अस्पताल में महिला काम करती थीं, वहां के चिकित्सकों ने इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ी सजा देने की मांग की। उन्होंने अधिकारियों से भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी अपील की।

भाषा सुभाष सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments