scorecardresearch
Thursday, 23 April, 2026
होमदेश2029 में अपनी भूमिका के बारे में पूछे जाने पर गडकरी ने कहा: फिल्म अभी बाकी है

2029 में अपनी भूमिका के बारे में पूछे जाने पर गडकरी ने कहा: फिल्म अभी बाकी है

Text Size:

(तस्वीरों के साथ)

नागपुर, 21 जून (भाषा) केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को 2029 ( के आम चुनाव) में उनकी भूमिका के बारे में पूछे जाने पर दावा किया कि पिछले 11 वर्षों में जो कुछ देखा गया वह सिर्फ एक ‘‘न्यूज रील’’ थी और ‘‘असली फिल्म’’ अभी आनी बाकी है।

हालांकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष गडकरी ने यह भी कहा कि पार्टी ही अपने कार्यकर्ताओं के लिए जिम्मेदारियां तय करती है और भाजपा उनके लिए जो भी जिम्मेदारी तय करेगी, वह उसे निभायेंगे।

उन्होंने नरेन्द्र मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर उदय निरगुडकर को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘अभी तक जो हुआ है वो तो न्यूज रील थी। असली फिल्म शुरू होना बाकी है।’’

गडकरी ने कहा, ‘‘किसी कार्यकर्ता की क्या जिम्मेदारी होगी और वह क्या काम करेगा, यह पार्टी तय करती है। मुझे जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, मैं उसे पूरा करूंगा।’’

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उन्होंने कभी अपना राजनीतिक बायोडेटा प्रकाशित नहीं किया है और न ही उन्होंने कभी समर्थकों से हवाईअड्डों पर उनके लिए भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कहा है।

पूर्व भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी व्यक्तिगत इच्छा विदर्भ में किसानों की आत्महत्या रोकने की दिशा में काम करना है।

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री गडकरी ने कहा, ‘‘आजकल मैं सड़क निर्माण के बजाय कृषि और अन्य सामाजिक पहलों पर अधिक काम करता हूं।’’

यह पूछे जाने पर कि भारत की प्रति व्यक्ति आय दुनिया में शीर्ष 10 में क्यों नहीं है, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसके लिए देश की जनसंख्या जिम्मेदार है।

जनसंख्या नियंत्रण विधेयक का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘यह कोई धार्मिक या भाषाई मुद्दा नहीं है। यह एक आर्थिक मुद्दा है। इतना विकास होने के बावजूद, परिणाम दिखाई नहीं दे रहे हैं। इसका कारण बढ़ती जनसंख्या है।’’

साक्षात्कार के दौरान गडकरी ने 2014 से सत्तासीन मोदी सरकार की विभिन्न उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

भाषा

राजकुमार संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments