scorecardresearch
Thursday, 23 April, 2026
होमदेशगुजरात में उमरेठ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी

गुजरात में उमरेठ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी

Text Size:

आणंद (गुजरात), 22 अप्रैल (भाषा) गुजरात के आणंद जिले में उमरेठ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार को मतदान जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहेगा।

पिछले महीने इस क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक गोविंद परमार के निधन के बाद यह सीट रिक्त हुई है जिसके बाद यहां उपचुनाव कराए जा रहे हैं। उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार हर्षद गोविंदभाई परमार और कांग्रेस उम्मीदवार भृगुराजसिंह चौहान के बीच सीधा मुकाबला है। तीन निर्दलीय और एक अन्य पार्टी का उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं।

गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, उपचुनाव में कुल 2,45,623 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं, जिसका संचालन 19 नोडल अधिकारियों और 22 सूक्ष्म पर्यवेक्षकों सहित 1,500 कर्मियों की सहायता से किया जाएगा।

मतों की गिनती चार मई को होगी।

भाजपा ने अपने उम्मीदवार हर्षद परमार को मैदान में उतारा है, जो चार बार के विधायक रहे गोविंद परमार के बेटे हैं। गोविंद परमार का छह मार्च को 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। यह हर्षद परमार का पहला बड़ा चुनाव है।

दूसरी ओर विपक्षी दल कांग्रेस के उम्मीदवार चौहान (62) अनुभवी स्थानीय नेता हैं जो पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

चौहान ने वर्ष 2000 से 2015 के बीच लगातार तीन कार्यकाल तक उमरेठ तालुका पंचायत के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। वह वर्तमान में गुजरात के मध्य क्षेत्र के लिए पार्टी के समन्वयक हैं।

वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में गोविंद परमार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के उम्मीदवार जयंत पटेल को 25,000 से अधिक वोटों के अंतर से हराकर उमरेठ सीट बरकरार रखी थी।

भाषा गोला शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments