scorecardresearch
Saturday, 14 November, 2026
होमदेशराजस्थान में पंचायत चुनाव के चौथे चरण का मतदान जारी, शुरुआती तीन घंटे में 15.81 प्रतिशत मतदान

राजस्थान में पंचायत चुनाव के चौथे चरण का मतदान जारी, शुरुआती तीन घंटे में 15.81 प्रतिशत मतदान

Text Size:

जयपुर, 14 नवंबर (भाषा) राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के चौथे एवं अंतिम चरण में शनिवार को मतदान जारी है और शुरुआती तीन घंटे में 15.81 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

अधिकारियों ने बताया कि 25 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान का चौथा और अंतिम चरण सुबह सात बजे शुरू हुआ और पूर्वाह्न दस बजे तक कुल 15.81 प्रतिशत मतदान हुआ। इस दौरान हनुमानगढ़ की संगरिया पंचायत समिति में सबसे अधिक 22.41 प्रतिशत और ब्यावर की बदनोर पंचायत समिति में सबसे कम 8.12 प्रतिशत मतदान हुआ।

कई स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में गड़बड़ी के कारण मतदान प्रक्रिया में देरी होने की भी खबरें हैं।

अधिकारियों ने बताया कि इस चरण में 25 जिलों की कुल 2,524 सीटों के लिए 8,843 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार इस चरण में 382 जिला परिषद वार्ड और 2,142 पंचायत समिति वार्ड में मतदान हो रहा है। जिला परिषद की सीटों के लिए 1,322 उम्मीदवार और पंचायत समिति की सीटों के लिए 7,521 उम्मीदवार मैदान में हैं।

प्रमुख उम्मीदवारों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह और उनकी बहू शामिल हैं, जो चूरू जिले से चुनाव लड़ रहे हैं।

अंतिम चरण में श्रीगंगानगर जिले में सबसे अधिक जिला परिषद वार्डों में मतदान हो रहा है। इस जिले में 30 वार्ड के लिए कुल 101 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। पंचायत समिति की सीटों के लिए भी इसी जिले में सबसे अधिक उम्मीदवार हैं। यहां 164 वार्ड के लिए 553 उम्मीदवार मैदान में हैं।

अधिकारियों ने बताया कि अंतिम चरण में 1.05 करोड़ से अधिक मतदाता वोट डाल सकेंगे, जिनमें 54,88,275 पुरुष और 51,05,951 महिलाएं शामिल हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने 25 जिलों में 11,905 मतदान केंद्र बनाए हैं।

इस चरण में श्रीगंगानगर में सबसे अधिक 8,67,167 मतदाता हैं। इसके बाद बांसवाड़ा में 6,45,611, चूरू में 6,40,198 और डीडवाना-कुचामन में 6,03,262 मतदाता हैं।

जयपुर में 13 जिला परिषद वार्डों और 82 पंचायत समिति वार्डों में मतदान हो रहा है। यहां जिला परिषद की सीटों के लिए 32 और पंचायत समिति की सीटों के लिए 241 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिले में 4,07,280 पात्र मतदाता और 447 मतदान केंद्र हैं।

इसी तरह चूरू में 19 जिला परिषद वार्ड के लिए 66 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि 114 पंचायत समिति वार्डों के लिए 351 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिले में 6,40,198 मतदाता और 689 मतदान केंद्र हैं।

बांसवाड़ा में 22 जिला परिषद वार्डों के लिए 72 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। बूंदी में 22 वार्डों के लिए 50 उम्मीदवार हैं, जबकि जैसलमेर में 21 वार्डों के लिए 77 उम्मीदवार हैं।

अंतिम चरण में बालोतरा, बारां, ब्यावर, भरतपुर, बीकानेर, चित्तौड़गढ़, डीग, धौलपुर, हनुमानगढ़, जालौर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, प्रतापगढ़, सवाई माधोपुर, सलूंबर, सीकर और टोंक जिले भी शामिल हैं।

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए पहले चरण का मतदान 22 अक्टूबर को, दूसरे चरण का मतदान 28 अक्टूबर को और तीसरे चरण का मतदान तीन नवंबर को हुआ था।

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए सभी चार चरणों में डाले गए मतों की गिनती 20 नवंबर को होगी। इसके बाद जिला प्रमुखों और प्रधानों का चुनाव होगा।

भाषा पृथ्वी सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments