scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशमेलबर्न के भारतीय फिल्म महोत्सव में वीर दास को सम्मानित किया जाएगा

मेलबर्न के भारतीय फिल्म महोत्सव में वीर दास को सम्मानित किया जाएगा

Text Size:

नयी दिल्ली, 27 जून (भाषा) हास्य कलाकार और अभिनेता वीर दास को हास्य और मनोरंजन क्षेत्र में योगदान के लिए मेलबर्न के भारतीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफएम) में सम्मानित किया जाएगा।

भारतीय सिनेमा को ऑस्ट्रेलियाई दर्शकों के सामने प्रस्तुत और सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले इस महोत्सव का 16वां संस्करण 14 अगस्त से 24 अगस्त के बीच मेलबर्न, ऑस्ट्रेलिया में संपन्न होगा।

दास ने कहा कि आईएफएफएम द्वारा सम्मानित किया जाना ‘‘अद्भुत’’ है।

उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘यह एक ऐसा महोत्सव है जो भारतीय कहानी कहने की विविधता और क्षमता बताता है। हास्य हमेशा दुनिया को देखने की मेरी दृष्टि रही है और इस यात्रा को दुनियाभर के दर्शकों के साथ साझा कर पाना और अब इसके लिए सम्मानित होना मेरे लिए बहुत खास है। मैं इस महोत्सव का हिस्सा बनने और मेलबर्न में कलाकारों और फिल्म प्रेमियों के साथ संवाद करने को लेकर उत्साहित हूं।’’

वीर दास ने अपने करियर की शुरुआत एक स्टैंड-अप कॉमेडियन के रूप में की थी और बाद में वह ‘बदमाश कंपनी’ (2010), ‘डेली बेली’ (2011) और ‘गो गोवा गॉन’ (2013) जैसी फिल्मों में नजर आए।

महोत्सव की निदेशक मितु भौमिक लैंग ने कहा कि आईएफएफएम का उद्देश्य हमेशा ‘‘सिनेमा के जादू के जरिए संस्कृतियों को जोड़ना’’ रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम मेलबर्न में भारतीय फिल्म महोत्सव के 16वें संस्करण को लेकर उत्साहित हैं। वीर दास जैसे कलाकार को सम्मानित करना इस बात का प्रतीक है कि भारतीय कहानी कहने की शैली अब वैश्विक मंच पर कितनी सशक्त और गतिशील हो चुकी है।’’

भाषा राखी मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments