scorecardresearch
Friday, 19 June, 2026
होमदेशछत्तीसगढ़ के कोरिया में रेत खनन को लेकर हिंसक झड़प, एक व्यक्ति जिंदा जला; चार गंभीर रूप से घायल

छत्तीसगढ़ के कोरिया में रेत खनन को लेकर हिंसक झड़प, एक व्यक्ति जिंदा जला; चार गंभीर रूप से घायल

Text Size:

कोरिया (छत्तीसगढ़), 17 जून (भाषा) छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत खनन के कारोबार को लेकर हुए विवाद में एक समूह ने कथित तौर पर कुछ लोगों पर हमला कर दिया, जिसमें एक व्यक्ति जिंदा जल गया और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना मंगलवार रात जिले की सोनहत तहसील के कटगोड़ी गांव में हुई।

उन्होंने बताया कि कुछ लोग दो अलग-अलग वाहनों एक टोयोटा फॉर्च्यूनर एसयूवी और एक स्कोडा सेडान में सवार होकर जा रहे थे, तभी विरोधी गुट के सदस्यों ने कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया।

अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हमलावरों ने फॉर्च्यूनर को एक टिपर ट्रक से कई बार टक्कर मारी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और उसके दरवाजे जाम हो गए। इसके कारण उसमें सवार लोग बाहर नहीं निकल सके। बाद में एसयूवी में आग लग गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि जो लोग वाहन की खिड़कियां तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, उन पर भी हमलावरों ने हमला किया।

उन्होंने बताया कि वाहन में सवार लोगों में से एक भरत सिंह (60) जिंदा जल गए, जबकि फॉर्च्यूनर में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों ने स्कोडा कार को भी निशाना बनाया और उसमें सवार दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया। घायलों को पहले बैकुंठपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर के अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह हिंसा रेत खनन के कारोबार को लेकर सिंह और त्रिपाठी परिवारों के बीच लंबे समय से जारी रंजिश का नतीजा है। दोनों परिवार मूल रूप से कटगोड़ी से सटे नगोई गांव के निवासी हैं।

उन्होंने बताया कि हालांकि सिंह परिवार वर्तमान में बैकुंठपुर में रहता है, लेकिन वह कटगोड़ी में रेत खनन और पत्थर तोड़ने का कारोबार करता है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर दोनों परिवारों के सदस्यों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद तनाव बढ़ गया।

अधिकारियों ने बताया कि बाद में रात में फोन पर बातचीत के बाद भरत सिंह और उनके साथी कथित तौर पर विरोधी गुट के सदस्यों से मिलने गए, जिसके बाद टकराव हिंसक हो गया।

कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि हमलावरों ने फॉर्च्यूनर पर पेट्रोल छिड़ककर उसमें आग लगा दी। हालांकि, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है, क्योंकि हमले के दौरान वाहन एक बिजली के खंभे से भी टकराया था।

उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक विशेषज्ञ इस बात की जांच कर रहे हैं कि वाहन में आग पेट्रोल डालकर जानबूझकर लगाई गई थी या बिजली के खंभे से टकराने के कारण लगी।

अधिकारियों ने बताया कि अब तक त्रिपाठी परिवार के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और मामले की जांच की जा रही है।

भाषा सं संजीव अमित खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments