देहरादून, नौ नवंबर (भाषा) उत्तराखंड में देहरादून के रायपुर क्षेत्र में दीवार के निर्माण को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में एक व्यक्ति ने अपने बेटे के साथ मिलकर कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर अपने भांजे की हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
देहरादून की पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जया बलूनी ने बताया कि यह घटना सोमवार शाम तरला अधोईवाला इलाके में हुई, जहां दोनों पक्षों के बीच विवाद के दौरान नितिन कुमार और उसके बेटे रोहित कुमार ने गौरव बागड़ी (26) पर कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बचाने आए दो अन्य लोग भी घायल हो गए।
बलूनी ने बताया कि तीनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान गौरव की मौत हो गई। अन्य दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि नितिन कुमार और रोहित कुमार के खिलाफ रायपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 109(1) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
भाषा
दीप्ति रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.