scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशउत्तराखंड : भाजपा विधायक की गिरफ्तारी को लेकर कर्मचारी संगठनों का अल्टीमेटम

उत्तराखंड : भाजपा विधायक की गिरफ्तारी को लेकर कर्मचारी संगठनों का अल्टीमेटम

Text Size:

देहरादून, 23 फरवरी (भाषा) उत्तराखंड में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल के साथ मारपीट के मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक उमेश शर्मा काउ की गिरफ्तारी पर अड़े कर्मचारी संगठनों ने मांग पूरी नहीं होने पर बुधवार से प्रदेश के सभी कार्यालयों को बंद रखने का अल्टीमेटम दिया है।

जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्य सचिव को कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) बनाने के निर्देश दिए।

इस बीच, पुलिस ने शनिवार को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई तोड़फोड़ और मारपीट की घटना में शामिल एक हिस्ट्रीशीटर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

निदेशक से मारपीट के विरोध में गठित अधिकारी कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने सोमवार को मुख्यमंत्री धामी से मुलाकात की और उनसे कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ हो रही ऐसी घटनाओं का जिक्र करते हुए उनकी सुरक्षा के लिए एसओपी बनाए जाने तथा कार्यालयों में पुलिस तैनात किए जाने की मांग की।

इस पर, मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनंद बर्धन को एसओपी तैयार करने तथा पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ को सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।

उधर, मोर्चा के पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार कर्मचारियों ने रामनगर स्थित विद्यालयी शिक्षा बोर्ड के मुख्यालय को छोड़कर प्रदेश भर में शिक्षा विभाग के कार्यालय बंद रखे।

मोर्चा के मीडिया प्रभारी संजय भास्कर ने बताया कि मोर्चा की बैठक में विधायक की गिरफ्तारी की मांग के पूरा न होने तक आंदोलन को जारी रखने का फैसला लिया गया है।

उन्होंने कहा, ”आज की तरह शिक्षा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मंगलवार को भी अपना कार्य का बहिष्कार जारी रखेंगे और अगर मंगलवार तक हमारी मांग को कोई समाधान नहीं निकाला जाता तो बुधवार से पूरे प्रदेश के सभी कार्यालय बंद रहेंगे।”

भास्कर ने आरोप लगाया कि विधायक अपने साथ एक हिस्ट्रीशीटर को लेकर निदेशक के कार्यालय आए थे। उन्होंने कहा कि मारपीट के मामले में शर्मा के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज है तो उनकी गिरफतारी होनी चाहिए ।

उधर, काउ की मौजूदगी में उनके समर्थकों द्वारा नौडियाल के साथ मारपीट तथा उनके कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना में शामिल चार आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों, प्राप्त साक्ष्यों व वीडियो फुटेजों के आधार पर घटना में शामिल आरोपियों की पहचान करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया। इन आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर, अरविंद पुंडीर उर्फ कल्ली भी शामिल है।

एक स्कूल का नाम उसके लिए निशुल्क भूमि दान देने वाले परिवार के बुजुर्ग के नाम पर रखे जाने के मामले को लेकर रायपुर क्षेत्र के विधायक काउ अपने समर्थकों के साथ नौडियाल के कार्यालय पहुंचे थे जहां कहासुनी के बाद बात तोड़फोड़ और मारपीट तक पहुंच गयी। कार्यालय में रखी कुर्सियां तथा अन्य सामान इधर-उधर फेंके गए और अराजकता की स्थिति पैदा हो गयी।

घटना में नौडियाल घायल हो गए और उनकी एक आंख के आसपास चोटें भी आयीं जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा।

बाद में, उन्होंने पुलिस थाना रायपुर में विधायक तथा उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। एक अन्य मुकदमा विधायक के सुरक्षाकर्मी की ओर से भी अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज कराया गया।

भाषा

दीप्ति रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments