देहरादून, 25 नवंबर (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिद्वार जिले के मंगलौर क्षेत्र के लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज स्थापित करने और गंगनहर पर पुल बनाने की घोषणा की।
धामी ने मंगलौर में ‘जन आशीर्वाद’ रैली को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई घोषणाएं कीं।
उन्होंने कहा कि लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज बनाया जाएगा और गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल का पुनर्निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने किसानों को गन्ने के मूल्य में वृद्धि के संबंध में जल्द निर्णय लेने का भरोसा दिया।
उन्होंने ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने की मांग पर भी विचार करने की बात कही।
धामी ने गन्ने का मूल्य बढ़ाने की मांग पर कहा कि राज्य सरकार हर साल किसानों के हित में मूल्य वृद्धि का प्रयास करती है और इस वर्ष भी जल्द निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने कहा, “ मंगलौर की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और मेहनती किसान, व्यापारी तथा श्रमिक क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की ताकत हैं। सरकार क्षेत्र की विकास संभावनाओं को अवसरों में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है।”
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक हजार से अधिक लोगों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं, स्वच्छ भारत मिशन के तहत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालय बनाए गए हैं और 32 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत 58 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 27 पेयजल पंपिंग योजनाएं स्वीकृत की गई हैं।
धामी ने किसानों के लिए सरकार के प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत उत्तराखंड के किसानों को अब तक तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त कृषि ऋण, नहरों से मुफ्त सिंचाई और फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत कृषि उपकरणों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने सुशासन, कानून-व्यवस्था और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई में 200 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है और पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
भाषा दीप्ति जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.