scorecardresearch
Wednesday, 25 November, 2026
होमरिपोर्टबिहार में 28 हजार करोड़ की बिजली परियोजना से लेकर सीमेंट उद्योग तक निवेश, हजारों रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद

बिहार में 28 हजार करोड़ की बिजली परियोजना से लेकर सीमेंट उद्योग तक निवेश, हजारों रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद

BIADA के तहत राज्य के अलग-अलग जिलों में सीमेंट, खाद्य प्रसंस्करण, एथेनॉल, बायोफ्यूल, इलेक्ट्रॉनिक्स, स्वास्थ्य और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी परियोजनाएं प्रस्तावित हैं. इनके पूरा होने पर रोजगार के नए अवसर बनने की उम्मीद है.

Text Size:

पटना: बिहार में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सीमेंट, खाद्य प्रसंस्करण, ऊर्जा, एथेनॉल, इलेक्ट्रॉनिक्स और स्वास्थ्य समेत कई क्षेत्रों में बड़ी परियोजनाएं प्रस्तावित हैं. इन परियोजनाओं में हजारों करोड़ रुपये का निवेश किया जाना है. इनके पूरा होने से राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है.

बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (BIADA) के मुताबिक, राज्य के अलग-अलग जिलों में कई बड़ी कंपनियां औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने की योजना बना रही हैं. इनमें नवादा में अंबुजा सीमेंट की 1,400 करोड़ रुपये की परियोजना, पटना में मेडिवर्सल हेल्थकेयर की 2,422.6 करोड़ रुपये की अस्पताल परियोजना और भागलपुर में अडाणी पावर की 28,225 करोड़ रुपये की बिजली परियोजना शामिल है.

नवादा के वारसलीगंज में अंबुजा सीमेंट की 1,400 करोड़ रुपये की परियोजना से करीब 2,500 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है. मुजफ्फरपुर में कंपनी की 900 करोड़ रुपये की एक अन्य परियोजना प्रस्तावित है. मधुबनी में जेके लक्ष्मी सीमेंट की 400 करोड़ रुपये और बांका में अल्ट्राटेक सीमेंट की 1,190 करोड़ रुपये की परियोजना भी शामिल है.

खाद्य और पेय पदार्थ क्षेत्र में बक्सर के नवानगर में वरुण बेवरेजेज की 474.83 करोड़ रुपये और एसएलएमजी बेवरेजेज की 1,169 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं. पटना के बिहटा में हल्दीराम की 244.28 करोड़ रुपये की इकाई लगाई जानी है. वहीं, बेगूसराय में ईपीआईसी एग्रो प्रोडक्ट्स की 1,196.68 करोड़ रुपये और खगड़िया में प्रिस्टीन मेगा फूड पार्क की 637 करोड़ रुपये की परियोजना शामिल है.

मुजफ्फरपुर, बक्सर, बेगूसराय और पश्चिम चंपारण में एथेनॉल और बायोफ्यूल से जुड़ी कई परियोजनाएं प्रस्तावित हैं. मधुबनी के लोहट में रिलायंस इंडस्ट्रीज की 300 करोड़ रुपये की कंप्रेस्ड बायोगैस परियोजना भी शामिल है. इससे करीब 200 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है.

पटना में सीटीआरएलएस डेटा सेंटर की 340 करोड़ रुपये और बिहटा में भारती एयरटेल के 200 करोड़ रुपये के डेटा सेंटर की योजना है. बिहटा में ही एम्पेरा लाइफ इंडिया की 5,600 करोड़ रुपये की इलेक्ट्रॉनिक्स और बायोसेंसर परियोजना प्रस्तावित है. इससे 1,500 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है.

स्वास्थ्य क्षेत्र में पटना के कंकड़बाग में मेडिवर्सल हेल्थकेयर की 2,422.6 करोड़ रुपये की मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल परियोजना शामिल है.

ऊर्जा क्षेत्र में भागलपुर के पीरपैंती में अडाणी पावर की 28,225 करोड़ रुपये की ताप बिजली परियोजना सबसे बड़ी परियोजनाओं में से एक है. इसके निर्माण के पहले चरण में 8,100 और चालू होने के बाद 2,300 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है.

वैशाली में एसएलएमजी बेवरेजेज की 137.19 करोड़ रुपये की वेयरहाउस परियोजना प्रस्तावित है. भागलपुर में 191.51 करोड़ रुपये की लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग परियोजना पर काम चल रहा है. इसका करीब 80 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है.

BIADA के अनुसार, ये परियोजनाएं पटना, मुजफ्फरपुर, गया, नवादा, बक्सर, गोपालगंज, वैशाली, बेगूसराय, खगड़िया, मधुबनी, समस्तीपुर, मुंगेर, पूर्णिया, अररिया, भागलपुर, बांका और पश्चिम चंपारण समेत कई जिलों में फैली हैं.

इनमें कुछ इकाइयों का निर्माण शुरू हो चुका है, जबकि कुछ अभी प्रस्तावित हैं. कई इकाइयों को जमीन आवंटित की जा चुकी है और कुछ में उत्पादन भी शुरू हो गया है. इन परियोजनाओं के पूरा होने से बिहार में उद्योगों का विस्तार होने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर बनने की उम्मीद है.

share & View comments