scorecardresearch
Wednesday, 25 November, 2026
होमरिपोर्टगोवा फिल्म महोत्सव में झारखंड की खूबसूरती और फिल्म निर्माण की संभावनाओं का प्रदर्शन

गोवा फिल्म महोत्सव में झारखंड की खूबसूरती और फिल्म निर्माण की संभावनाओं का प्रदर्शन

गोवा में आयोजित 57वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में झारखंड पवेलियन के जरिए राज्य की फिल्म नीति, सब्सिडी योजनाओं और प्राकृतिक लोकेशन्स को बढ़ावा दिया जा रहा है.

Text Size:

पणजी: गोवा में आयोजित 57वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में झारखंड की खूबसूरती, संस्कृति और फिल्म निर्माण की संभावनाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है. झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (जेएफडीसीएल) की ओर से लगाए गए झारखंड पवेलियन में देश के कई जाने-माने फिल्मकार, कलाकार और तकनीकी विशेषज्ञ पहुंच रहे हैं. वे राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध संस्कृति और यहां फिल्म बनाने की संभावनाओं की तारीफ कर रहे हैं. इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (आईपीआरडी) के उपनिदेशक आनंद भी मौजूद हैं.

लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ में विधायक जी का यादगार किरदार निभाने वाले अभिनेता पंकज झा ने झारखंड की खूबसूरती, संस्कृति और फिल्म निर्माण की संभावनाओं की तारीफ की. वहीं, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मकार प्रवीण मोसारे ने झारखंड में फीचर फिल्म बनाने की इच्छा जताई. उन्होंने बताया कि कुछ महीने पहले उन्होंने खूंटी और घाटशिला में एक डॉक्यूमेंट्री की शूटिंग की थी.

फिल्मकार और फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई), पुणे के प्रोफेसर सिद्धार्थ शास्ता ने भी झारखंड पवेलियन का दौरा किया. मुंबई की माउंटेन रिवर फिल्म्स के सीईओ चंद्रा के झा ने भी झारखंड के साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई.

मुंबई की सेट और इंटीरियर डिजाइनर पुट्टी ने झारखंड की पहाड़ियों, प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण की तारीफ की. वहीं, रांची में जन्मे और मुंबई में काम कर रहे डॉक्यूमेंट्री निर्देशक मृगांक ने यहां के झरनों, हरियाली, जनजातीय संस्कृति, लोकसंगीत और पारंपरिक कलाओं को खास बताया. उन्होंने झारखंड की ऐसी कहानियों पर डॉक्यूमेंट्री बनाने की इच्छा भी जताई, जिनके बारे में अब तक ज्यादा बात नहीं हुई है.

झारखंड को पहले भी फिल्म शूटिंग की जगह के रूप में बढ़ावा देने की कोशिशें हुई हैं. राज्य की फिल्म नीति 2015 में जारी की गई थी. इसके तहत फिल्म निर्माताओं को राज्य में फिल्म बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है. गोवा फिल्म महोत्सव में झारखंड को खास जगह मिलने से राज्य की फिल्म नीति, पर्यटन और स्थानीय कलाकारों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

share & View comments