पटना: बिहार अब कृषि आधारित अर्थव्यवस्था के साथ औद्योगिक विकास की नई पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. राज्य के अलग-अलग जिलों में स्थापित हो रही औद्योगिक इकाइयां, बड़े निवेश प्रस्ताव और निर्माणाधीन परियोजनाएं इस बदलाव को दिखा रही हैं. खाद्य प्रसंस्करण, सीमेंट, ऊर्जा, बायोफ्यूल, प्लास्टिक, डेयरी, आईटी, कपड़ा और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे क्षेत्रों में निवेश से बिहार के उद्योग क्षेत्र में बड़े बदलाव की उम्मीद है.
सरकार की कोशिश है कि इन उद्योगों में स्थानीय लोगों को रोजगार मिले और युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जाए. साथ ही, उद्योगों के लिए कच्चे माल की सप्लाई चेन को किसानों और छोटे कारोबारियों से जोड़ा जाए. बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज 2025 में BIADA की दरों पर जमीन में छूट और दूसरी प्रोत्साहन सुविधाओं के प्रावधान भी किए गए हैं, ताकि राज्य में निवेश को बढ़ावा मिल सके.
उपलब्ध परियोजना विवरण के मुताबिक, BIADA के औद्योगिक क्षेत्रों में 40 बड़ी औद्योगिक इकाइयों का जिक्र है. इसके अलावा इन क्षेत्रों से बाहर भी 19 बड़ी परियोजनाएं प्रस्तावित हैं या उन पर काम चल रहा है. इनमें कई राष्ट्रीय और बड़ी निजी कंपनियां शामिल हैं. इससे पता चलता है कि बिहार में औद्योगिक निवेश अब कुछ चुनिंदा शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों में उद्योगों का विस्तार हो रहा है.
राजधानी पटना और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में कई बड़ी परियोजनाओं पर काम चल रहा है. फतुहा में सुप्रीम इंडस्ट्रीज की प्लास्टिक उत्पाद बनाने वाली इकाई और डेयरी प्रसंस्करण परियोजना शामिल हैं. बिहटा-सिकंदरपुर में हल्दीराम की नमकीन, मिठाई और दूसरे स्नैक्स बनाने की इकाई स्थापित हो रही है. वहीं, सीटीआरएलएस का डेटा सेंटर भी इस विकास का हिस्सा है. इसके अलावा एम्पेरा लाइफ इंडिया की बायोसेंसर और इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों से जुड़ी 5,600 करोड़ रुपये की परियोजना भी खास है. पटना में चावल मिल, दाल मिल, मक्का प्रसंस्करण, पेपर मिल और मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल जैसी परियोजनाएं भी शामिल हैं. मुजफ्फरपुर के मोतीपुर और बरियारपुर इलाकों में सीमेंट बनाने, इथेनॉल, कंप्रेस्ड बायोगैस, सोलर मॉड्यूल और निर्माण सामग्री से जुड़ी परियोजनाएं सामने आई हैं.
बेगूसराय में वरुण बेवरेजेज, प्रिंस पाइप्स, ईपीआईसी एग्रो प्रोडक्ट्स और न्यू वे होम जैसी कंपनियों की इकाइयां खाद्य प्रसंस्करण, प्लास्टिक और इथेनॉल के क्षेत्र को बढ़ावा दे रही हैं. खगड़िया में प्रिस्टीन मेगा फूड पार्क के जरिए मक्का आधारित उद्योगों और कृषि से जुड़े सामान के भंडारण और परिवहन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर में सीमेंट, बायोफ्यूल, ई-वेस्ट रीसाइक्लिंग, कपड़ा और डेयरी उद्योगों से जुड़ी परियोजनाएं औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रही हैं. भागलपुर के पीरपैंती में अडाणी पावर की 28,225 करोड़ रुपये की ताप बिजली परियोजना बड़ी परियोजनाओं में शामिल है. इसके अलावा वहां लॉजिस्टिक्स पार्क भी बनाया जा रहा है. इसके निर्माण का करीब 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है.
गोपालगंज में चीनी, इथेनॉल, डेयरी, होटल और सामान रखने के गोदामों से जुड़ी इकाइयां काम कर रही हैं. पूर्णिया के बनमनखी में सिट्रिक एसिड बनाने और अररिया के फारबिसगंज में खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी इकाइयां भी महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल हैं. इन परियोजनाओं का सबसे बड़ा फायदा रोजगार के नए अवसरों के रूप में सामने आ सकता है. उपलब्ध दस्तावेजों में कई औद्योगिक इकाइयों में सैकड़ों से लेकर हजारों लोगों को रोजगार मिलने की संभावना जताई गई है. सीमेंट, खाद्य प्रसंस्करण, ऊर्जा, डेयरी और तकनीकी उद्योगों के विस्तार से बिहार के स्थानीय युवाओं को अपने राज्य में ही रोजगार के नए अवसर मिल सकते हैं. इससे किसानों और छोटे कारोबारियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है.