देहरादून, तीन जुलाई (भाषा) उत्तराखंड के अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने शुक्रवार को राजनीतिक दलों से प्रदेश में आठ लाख से अधिक ‘अनकलेक्टेड’ श्रेणी के मतदाताओं के घर-घर जाकर सत्यापन अभियान में सहयोग करने की अपील की ।
उत्तराखंड में जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के संबंध में यहां मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक में जोगदंडे ने बताया कि आठ जून से सात जुलाई तक प्रदेश में गणना-प्रपत्रों के वितरण और डिजिटाइज का कार्य किया जाना है।
उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश में 79 लाख 60 हजार 762 मतदाताओं के सापेक्ष 70 लाख 98 हजार 501 मतदाताओं के प्रपत्र डिजिटाइज कर दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि आठ लाख 39 हजार 486 मतदाता ‘‘अनकलेक्टेड’’ श्रेणी में शामिल हैं, जिसके तहत एक लाख 23 हजार 836 मृत, चार लाख 77 हजार 148 स्थाई रुप से स्थानांतरित, एक लाख 68 हजार 259 अनुपस्थित और बाकी अन्य कारणों से ‘‘अनकलेक्टेड’’ श्रेणी में शामिल हैं।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से ‘अनकलेक्टेड’ श्रेणी के मतदाताओं के घर-घर जाकर सत्यापन अभियान में सहयोग मांगा। उन्होंने इन दलों से शत-प्रतिशत बूथ स्तरीय एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने की भी अपील की ।
उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को मसौदा मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा और उसके बाद दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
भाषा दीप्ति अमित सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.