कासगंज (उत्तर प्रदेश), 14 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के एक गांव में मंगलवार को आंबेडकर जयंती के अवसर पर निकाली गई एक शोभायात्रा के दौरान पथराव होने के बाद तनाव फैल गया, जिसके चलते एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
घटना सहावर थाना क्षेत्र के चहका गुनार गांव में हुई।
पुलिस के अनुसार, कुछ लोगों ने कथित तौर पर शोभायात्रा पर पथराव किया, जिससे अफरातफरी मच गई और दो समूहों के बीच तनाव बढ़ गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब एक घंटे तक पथराव हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि घटना के दौरान कुछ लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर सड़क जाम कर दी, जिससे आसपास के इलाके में यातायात प्रभावित हुआ और एक पुलिस कांस्टेबल पत्थर लगने से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
स्थिति को नियंत्रित करने और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया।
अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में एक महिला समेत करीब 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “स्थिति अब नियंत्रण में है। गांव में पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।”
जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने बताया कि शोभायात्रा के दौरान पथराव हुआ और तत्काल कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा, “करीब 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। घटना में शामिल अन्य लोगों की वीडियो फुटेज के जरिए पहचान की जा रही है और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।”
पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने कहा कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में करीब 50 शोभायात्राएं निकाली जा रही थीं, जो पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से जारी थीं।
उन्होंने कहा कि यह घटना शोभायात्रा को बाधित करने की सुनियोजित कोशिश प्रतीत होती है और इसके पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा, “यादव समुदाय के कुछ सदस्यों ने शोभायात्रा को रोका। इसके पीछे की राजनीतिक मंशा जांच के बाद स्पष्ट होगी।”
अधिकारियों ने बताया कि तनाव के बावजूद बाद में पुलिस निगरानी में शोभायात्रा दोबारा शुरू हुई और शांतिपूर्वक संपन्न हो गई।
भाषा आनन्द जोहेब
जोहेब
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
