scorecardresearch
Friday, 20 March, 2026
होमदेशउत्तम नगर हिंसा: महबूबा मुफ्ती ने प्रधानमंत्री मोदी से हस्तक्षेप की अपील की

उत्तम नगर हिंसा: महबूबा मुफ्ती ने प्रधानमंत्री मोदी से हस्तक्षेप की अपील की

Text Size:

श्रीनगर, 20 मार्च (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने दिल्ली के उत्तम नगर में व्याप्त सांप्रदायिक तनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से हस्तक्षेप की शुक्रवार को अपील की।

मुफ्ती ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “नयी दिल्ली के उत्तम नगर में दक्षिणपंथी कट्टरपंथी व गुंडे खुलेआम मुसलमानों का खून बहाने की धमकी दे रहे हैं और कह रहे हैं कि कल ईद पर खून की नदियां बहेंगी। स्वाभाविक रूप से, इससे कई मुस्लिम परिवारों में दहशत फैल गई है, जो संभावित हिंसा से बचने के लिए पलायन कर गए हैं।”

उन्होंने प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से आग्रह किया कि “हालात बिगड़ने व निर्दोष लोगों की जान जाने से पहले” हस्तक्षेप करें।

जेजे कॉलोनी इलाके में चार मार्च को होली के दिन पड़ोसियों के बीच हुई झड़प में 26 वर्षीय तरुण नाम के युवक की मौत के बाद से उत्तम नगर क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव व्याप्त है।

पुलिस के अनुसार, हिंसा तब भड़की जब तरुण के परिवार की एक लड़की द्वारा फेंके गए गुब्बारे का पानी उसके पड़ोस में रहने वाले एक परिवार की महिला पर गिर गया।

कुछ दक्षिणपंथी संगठनों ने बाद में हत्या के विरोध में प्रदर्शन किया और आरोपी परिवार के सदस्यों के दो वाहनों को आग लगा दी।

पुलिस ने हत्या के सिलसिले में दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है और 12 लोगों को गिरफ्तार किया है।

इस बीच, दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद, त्योहार के दौरान अशांति की आशंकाओं को देखते हुए उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन के आसपास सुरक्षा प्रबंध और भी कड़े कर दिए गए हैं, ताकि पर्याप्त तैयारी सुनिश्चित की जा सके।

भाषा जितेंद्र पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments