लखनऊ, नौ अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव में निर्विरोध निर्वाचित पार्टी के सभी आठ प्रत्याशियों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव में उत्तर प्रदेश से निर्विरोध निर्वाचित होने पर भाजपा के सभी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई।” योगी ने कहा, “पूर्ण विश्वास है कि आप सभी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने तथा राष्ट्र की प्रगति को नई गति प्रदान करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। साथ ही, उच्च सदन की गरिमा को बढ़ाएंगे। आप सभी के उज्ज्वल कार्यकाल की मंगलकामनाएं।”
चौधरी ने भी ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित पार्टी के सभी प्रत्याशियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सभी प्रत्याशी समर्पण, निष्ठा और निरंतर सहयोग से संसद की कार्यवाही सुचारू बनाने के साथ ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और देश की विकास यात्रा को नई गति देने के लिए सभी प्रत्याशियों का कार्यकाल सफल रहे, ऐसी उनकी मंगलकामना है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई अन्य प्रमुख नेताओं ने भी राज्यसभा के लिए निर्वाचित भाजपा प्रत्याशियों को बधाई दी है।
निर्विरोध निर्वाचित भाजपा प्रत्याशियों में धर्मपाल सिंह, विद्यासागर सोनकर, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, प्रियंका सिंह रावत, गोपीकृष्ण पांडेय, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार शामिल हैं।
भाषा आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.