रायबरेली (उप्र), सात सितंबर (भाषा) लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को आएंगे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने सोमवार को बताया कि राहुल अपने दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को रायबरेली पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि उनके जोरदार स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि राहुल अपने इस दौरे पर ‘दिशा’ (जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे, साथ ही कई अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।
तिवारी ने बताया कि गांधी शहर के प्रभु टाउन में सर्राफा व्यापारियों से मिलेंगे और बाद में भुएमऊ गेस्ट हाउस में सेंट्रल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ-साथ, खिलाड़ियों, चिकित्सा और केमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात करेंगे।
दौरे के दूसरे दिन बुधवार सुबह गांधी अतिथिगृह में ही सांसद निधि से कराए गए तीन करोड़ की लागत के कार्यों का लोकार्पण करेंगे। उसके बाद ‘दिशा’ की बैठक में हिस्सा लेंगे।
इस बैठक को लेकर प्रशासनिक अधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। इससे पूर्व हुई ‘दिशा’ की बैठक की अध्यक्षता अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा ने की थी।
भाषा सं. सलीम आनन्द सुरभि
सुरभि
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.