scorecardresearch
Sunday, 11 October, 2026
होमदेशउप्र: पिकअप और डंपर की टक्कर में मां-बेटी की मौत, तीन अन्य लोग घायल

उप्र: पिकअप और डंपर की टक्कर में मां-बेटी की मौत, तीन अन्य लोग घायल

Text Size:

फर्रुखाबाद, 11 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में इटावा-बरेली राजमार्ग पर शनिवार रात एक पिकअप वाहन और डंपर की टक्कर में 25 वर्षीय महिला और उसकी चार वर्षीय बेटी की मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, राजेपुर थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में पिकअप चालक शरीफ वाहन के अंदर फंस गया।

पुलिस ने करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद ग्राइंडर से पिकअप की खिड़की कटवाकर उसे बाहर निकला।

पुलिस ने बताया कि पांचाल घाट निवासी विमलेश अपनी पत्नी पूजा (25) और चार वर्षीय बेटी के साथ शाहजहांपुर स्थित अपनी ससुराल से फर्रुखाबाद लौट रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, जैनापुर के पास पिकअप वाहन की डंपर से टक्कर हो गई।

पुलिस ने बताया कि हादसे में विमलेश के परिवार के तीन सदस्यों समेत कुल पांच लोग घायल हो गए।

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. हिमांशु राजपूत ने पूजा और उनकी बेटी को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल विमलेश का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, 55 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति और पिकअप चालक शरीफ की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला लोहिया अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा सं राजेंद्र जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments