मुजफ्फरनगर (उप्र), 22 अप्रैल (भाषा) मुजफ्फरनगर जिले के चरथावल कस्बे में हुई एक दिलचस्प घटना के तहत घर में घुसी एक बंदरिया ने तीन महीने की बच्ची को करीब एक घंटे तक अपने कब्जे में ले रखा और परिजन को उसके पास नहीं जाने दिया। बाद में एक पशु प्रेमी ने बंदरिया का ध्यान बंटाकर बच्ची को बचाया।
पुलिस ने बताया कि इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने बुधवार को बताया कि चरथावल कस्बे में एक घर में मंगलवार की शाम को घुसी एक बंदरिया तहसीन नामक महिला की तीन माह की बेटी कुलसुम के पास बैठ गयी।
उन्होंने बताया कि बच्ची से बिल्कुल सटकर बैठी बंदरिया से घबराये परिजन ने कुलसुम को वहां से हटाने और बचाने की कोशिश की मगर बंदरिया ने उन्हें पास नहीं आने दिया।
अधिकारियों ने बताया कि बंदरिया करीब एक घंटे तक बच्ची के पास रही और इस दौरान वह उसका खासा ख्याल करती दिखी और उसे जरा भी चोट नहीं पहुंचायी।
उन्होंने बताया कि आखिरकार एक पशु प्रेमी सनी चोपड़ा की मदद से बंदरिया का ध्यान भटकाकर बच्ची को बिना किसी चोट के सुरक्षित बचाया गया।
चोपड़ा ने कहा, ‘‘मैं सावधानी से बंदरिया के पास पहुंचने और बच्ची को सुरक्षित वापस लाने में कामयाब रहा। बच्ची को तुरंत उसके परिवार को सौंप दिया गया।’’
इस घटना का एक वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसमें कमरे के अंदर बच्ची के साथ बिल्कुल सटकर बैठी बंदरिया दिखाई दे रही है।
परिवार के करीबियों ने बताया कि इस अजीबोगरीब घटना के बावजूद बच्ची को कोई चोट नहीं आई है और वह पूरी तरह स्वस्थ है।
भाषा सं. सलीम धीरज
धीरज
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.