scorecardresearch
Monday, 2 March, 2026
होमदेशउप्र : लखीमपुर खीरी में नाबालिग मूक-बधिर लड़की से सामूहिक दुष्कर्म

उप्र : लखीमपुर खीरी में नाबालिग मूक-बधिर लड़की से सामूहिक दुष्कर्म

Text Size:

लखीमपुर खीरी, एक मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में शादी समारोह में शामिल होने आई एक नाबालिग मूक-बधिर लड़की के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने रविवार को बताया कि आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है।

अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम ने रविवार को बताया कि जिले के सिंगाही थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीय एक मूक-बधिर लड़की शनिवार की रात एक विवाह समारोह में शामिल होने आई थी। उन्होंने बताया कि इसी दौरान वह लापता हो गई तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की।

गौतम ने बताया कि बाद में वह लड़की बदहवास हालत में गन्ने के एक खेत में पायी गयी। अधिकारियों ने बताया कि लड़की के रिश्तेदारों को आता देख आरोपी भाग गए।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया।

गौतम ने बताया कि पीड़िता को इलाज के लिए भेजा गया है और आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें बनाई गई हैं।

गौतम ने बताया कि जावेद नाम के एक आरोपी को पास के गांव में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है।

उन्होंने बताया कि जावेद के पास से एक देसी पिस्तौल और कुछ कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि जावेद का जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है, जबकि दूसरे आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिशें जारी हैं।

भाषा

सं, सलीम रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments