scorecardresearch
Thursday, 23 April, 2026
होमदेशउप्र : अयोध्या में यज्ञशाला में भीषण आग, कोई जनहानि नहीं

उप्र : अयोध्या में यज्ञशाला में भीषण आग, कोई जनहानि नहीं

Text Size:

अयोध्या, 28 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के अयोध्या में रामनवमी के अवसर पर आयोजित एक महायज्ञ के दौरान शनिवार को यज्ञशाला में भीषण आग लग गई, जिससे पूरा पंडाल कुछ ही देर में आग की लपटों में घिर गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

पुलिस के अनुसार यह आयोजन उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह द्वारा कराया जा रहा था। ‘श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ’ की यज्ञशाला राम मंदिर से लगभग 800 मीटर की दूरी पर स्थित थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही क्षणों में आग ने मुख्य यज्ञशाला को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि यज्ञ के दौरान नारियल की ‘महा-आहुति’ देते समय हुए विस्फोट के कारण आग लगी।

इस घटना के बाद दमकल की करीब एक दर्जन गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने आग पर काबू पाया। मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि यज्ञशाला में पहले से ही दमकल की गाड़ियां तैनात थीं, जिसने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने भी पुष्टि की कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और कोई हताहत नहीं हुआ।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, सरयू नदी के तट पर आयोजित इस महायज्ञ में 1,251 हवनकुंड स्थापित किए गए थे और यह अनुष्ठान का अंतिम दिन था। आग लगने के समय बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

भाषा

सं, जफर रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments