कन्नौज (उप्र), पांच नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में विवाहेत्तर संबंध के संदेह में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को कुर्सी से बांधकर पेट्रोल डालने के बाद कथित तौर पर आग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी अपने सात वर्षीय बेटे और पांच वर्षीय बेटी को लेकर फरार हो गया।
बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया ।
पुलिस के मुताबिक, घटना बृहस्पतिवार सुबह छिबरामऊ थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव में हुई। मृतका की पहचान 30 वर्षीय सोनम के रूप में हुई है। दमकलकर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घर के अंदर से महिला के जले हुए कंकाल के अवशेष बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी की पहचान सुखबीर सिंह उर्फ मोनू के रूप में की है। छिबरामऊ के थाना प्रभारी कपिल दुबे ने बताया कि सुखबीर को शक था कि उसकी पत्नी का गांव के ही एक युवक से संबंध है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी को उस युवक से फोन पर बात करते हुए पकड़ा, जिसके बाद उसका संदेह और गहरा गया। पिछले दो दिनों से दोनों के बीच इस बात को लेकर विवाद चल रहा था।
दुबे ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे सुखबीर ने सोनम को कथित तौर पर कुर्सी से बांध दिया, उस पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी।
घर से आग की लपटें उठती देख और शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकलकर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घर के भीतर तलाशी लेने पर महिला के जले हुए अवशेष मिले।
पुलिस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतका की पहचान की पुष्टि की।
पुलिस के मुताबिक, सोनम और सुखबीर की शादी करीब 11 साल पहले हुई थी। गांव वालों ने बताया कि सुखबीर हरियाणा के हिसार में एक निजी कंपनी में काम करता था और करीब 15 दिन पहले ही गांव लौटा था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी सुखबीर सिंह उर्फ मोनू, दंपति के दो बच्चों – सात साल के बेटे और पांच साल की बेटी – को लेकर मौके से भाग गया था। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
एसपी ने बताया कि पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सुखबीर और सोनम ने 2015 में प्रेम विवाह किया था। वह हिसार में मजदूरी करता था और घटना से महज दो दिन पहले ही घर लौटा था। एसपी के अनुसार, घर लौटने के बाद से ही उसका अपनी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था, जिसके चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
भाषा सं जफर मनीषा
मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.