नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) भारतीय चित्रकार तैयब मेहता की 2002 की पेंटिंग ‘‘रिक्शा पुलर’’ आर्ट प्लेटफॉर्म ‘वोल्टे उना’ की पहली नीलामी में 69.1 करोड़ रुपये में बिकी और मेहता की पेंटिंग की नीलामी का एक विश्व रिकॉर्ड भी बना। इसके साथ ही यह नीलामी में रुपये में बिकने वाली चौथी सबसे महंगी भारतीय कलाकृति बन गई।
रविवार को हुई यह बिक्री मेहता के पिछले नीलामी रिकॉर्ड से भी आगे निकल गई। उनकी पेंटिंग ‘‘ट्रस्ड बुल’’ अप्रैल 2025 में 61.80 करोड़ रुपये में बिकी थी।
मेहता के करियर के आखिरी दशक में कैनवस पर ऐक्रेलिक से बनाई गई यह पेंटिंग एक रिक्शा-चालक को दर्शाती है—एक ऐसा किरदार जिसे इस आधुनिक भारतीय चित्रकार ने अपने पूरे करियर के दौरान बार-बार चित्रित किया।
वोल्टे उना के संस्थापक तुषार जीवराजका ने एक बयान में कहा, ‘‘हमें बहुत खुशी है कि हम दुनिया भर के सबसे गंभीर और समझदार संग्रहकर्ताओं को तैयब मेहता की पेंटिंग दिखाकर उसका सम्मान कर पाए।’’
नवंबर के आखिर में होने वाली अगली नीलामी में मशहूर हर्वित्ज़ कलेक्शन से मकबूल फिदा हुसैन की एक कलाकृति शामिल होगी।
भाषा सुभाष नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.