scorecardresearch
Sunday, 11 October, 2026
होमदेशगोवा में आईआईटी की भर्ती परीक्षा में ‘नकल’ के आरोप में दो लोगों पर मामला दर्ज

गोवा में आईआईटी की भर्ती परीक्षा में ‘नकल’ के आरोप में दो लोगों पर मामला दर्ज

Text Size:

पणजी, 11 अक्टूबर (भाषा) गोवा में पुलिस ने ‘आईआईटी-गोवा’ की भर्ती परीक्षा में नकल करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। डाबोलिम हवाई अड्डे पर दोनों आरोपियों को ‘ब्लूटूथ ईयरपीस’ के साथ पकड़े जाने के बाद उन्होंने परीक्षा में नकल करने की बात स्वीकार की। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

‘ईयरपीस’ कान में लगाया जाने वाला एक छोटा यंत्र है, जो ब्लूटूथ के माध्यम से स्मार्टफोन या अन्य उपकरणों से जुड़ता है।

दोनों आरोपियों में से एक शनिवार दोपहर ‘एयर इंडिया एक्सप्रेस’ की उड़ान से दिल्ली जाने वाला था। सुरक्षा जांच के दौरान ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ के कर्मचारी को यात्री द्वारा हाथ में पकड़े गए एक बैग में ‘संदिग्ध’ वस्तुएं नजर आईं, जिसके बाद बैग की तलाशी ली गई।

अधिकारी ने बताया कि तलाशी के दौरान तीन इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, दो सिम कार्ड और तीन ब्लूटूथ ‘ईयरपीस’ बरामद किए गए। इस प्रकार के उपकरणों का इस्तेमाल प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल के लिए किया जाता है।

उन्होंने दावा किया कि यात्री ने स्वीकार किया कि इन उपकरणों का इस्तेमाल परीक्षा में नकल करने के लिए किया जाना था। उसने सुरक्षाकर्मियों को यह भी बताया कि उसका एक साथी पहले ही उसी विमान में सवार हो चुका है।

अधिकारी ने बताया कि एयरलाइन कर्मचारियों की मदद से दूसरे यात्री को विमान से नीचे उतारा गया। उसके ‘हैंड बैग’ से दो ब्लूटूथ ईयरपीस, एक सिम कार्ड और आईआईटी गोवा गैर-शिक्षण कर्मचारी भर्ती परीक्षा (10 अक्टूबर को आयोजित) का प्रवेश पत्र बरामद हुआ। यह परीक्षा प्रशासनिक सहायक के पद के लिए थी।

सीआईएसएफ अधिकारी के अनुसार, दूसरे यात्री ने भी स्वीकार किया कि ब्लूटूथ उपकरण का उपयोग उसी परीक्षा में किया जाना था।

खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों ने दोनों व्यक्तियों से संयुक्त पूछताछ की और बाद में उन्हें डाबोलिम हवाई अड्डा पुलिस स्टेशन को सौंप दिया। चूंकि परीक्षा केंद्र पोंडा पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए उस क्षेत्र की पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

भाषा सुमित शफीक

शफीक

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments