कोटा (राजस्थान), नौ अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे पांच लोगों को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार मालवाहक वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस हादसे से पहले भी एक दुर्घटना हुई थी। पहली दुर्घटना में दिल्ली की ओर से आ रहे कंटेनर ट्रक ने सड़क किनारे खड़े छह पहियों वाले ट्रेलर को पीछे से टक्कर मार दी थी। खराब होने के कारण यह ट्रेलर दो दिन से सड़क किनारे खड़ा था।
इस दुर्घटना के बाद कंटेनर ट्रक का चालक केबिन में फंस गया। उसे फंसा देखकर वहां से गुजर रहे लोगों और पीछे आ रहे दो वाहनों ,एक कार और एक ट्रक के चालकों ने अपने वाहन सड़क किनारे रोक दिए और चालक को बाहर निकालने में मदद करने लगे।
पुलिस के क्षेत्राधिकारी मनोज सीकरवाल ने बताया कि इसी दौरान पीछे से आए एक तीसरे भारी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान अलवर जिले के निवासी जोमदीन (50) और जयपुर जिले के निवासी सचिन गुर्जर के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर ट्रक का चालक भी हादसे में घायल हो गया।
भाषा दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.