फरीदाबाद, 17 सितंबर (भाषा) फरीदाबाद में दो व्यक्तियों ने बंदूक के बल पर एक व्यक्ति का कथित तौर पर अपहरण कर उसे सात दिनों तक बंधक बनाकर रखा और उसके परिवार से पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उन्होंने पीड़ित से मारपीट की, उसके गुप्तांग पर पेट्रोल छिड़का और उसे पेट्रोल पीने के लिए भी मजबूर किया।
हालांकि, पीड़ित किसी तरह परिजन को अपनी लोकेशन भेजने में सफल रहा, जिन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद युवक के परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा उसे बचाया।
पुलिस के मुताबिक, तब तक सभी आरोपी मौके से फरार हो चुके थे, लेकिन बाद में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान दीपक उर्फ काले और लकी के रूप में हुई है। दोनों दिल्ली के अली गांव के निवासी हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि पल्ला पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाषा प्रचेता पारुल
पारुल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.