नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के इंदौर में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर ‘सेवा-संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया. इसके साथ स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026 योजना के तहत 50 संपत्तियों की मुफ्त रजिस्ट्री भी शुरू हुई. सरकार ने प्रदेश में 50 लाख लोगों को इस योजना का लाभ देने का लक्ष्य रखा है.
कार्यक्रम में नितिन नबीन ने कहा कि रजिस्ट्री ग्रामीण आबादी को स्वामित्व और सम्मान देने का माध्यम है. उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में करीब 68 लाख भूखंडों का सर्वे किया गया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्वामित्व योजना के जरिए ग्रामीण लोगों को उनकी जमीन का अधिकार दिलाने की पहल की.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के 23 हजार से अधिक गांवों में एक महीने तक अभिलेखों की मुफ्त रजिस्ट्री का अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण परिवारों को उनकी पैतृक संपत्ति का अधिकार दिलाने के साथ छोटे कामगारों के हित में भी काम कर रही है.
CM ने बताया कि लाड़ली बहनों के खातों में अब तक 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है. कार्यक्रम से पहले नितिन नबीन और CM मोहन यादव ने इंदौर में रोड शो भी किया.