कोलकाता, 22 अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल में दार्जिलिंग जिला अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (सीसीयू) में एक मरीज द्वारा कथित तौर पर हमला कर दिये जाने पर दो नर्सें घायल हो गईं। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि बुधवार देर रात करीब दो बजे मरीज सजल राय (21) कथित रूप से हिंसक हो गया तथा उसने ड्यूटी पर तैनात प्रभा चेत्री एवं लक्ष्मी राय पर हमला कर दिया।
उन्होंने कहा कि घायल नर्सों का इलाज उसी अस्पताल में चल रहा है।
सूत्रों के मुताबिक मंगलवार देर रात सजल राय को गंभीर हालत में सीसीयू में भर्ती कराया गया था।
सूत्रों का कहना है कि बाद में वह आक्रामक हो गया तथा उसने नर्सों पर हमला कर दिया। तब अन्य स्वास्थ्यकर्मी वहां पहुंचे और उन्होंने उसे काबू में किया।
स्थानीय विधायक नोमान राय घायल नर्सों का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी समेत वरिष्ठ अधिकारियों से बार-बार संपर्क करने की कोशिश के बावजूद, अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई टिप्पणी नहीं मिल सकी है।
भाषा राजकुमार नरेश अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.