scorecardresearch
Wednesday, 15 April, 2026
होमदेशसहारनपुर में ईंट-भट्ठे पर मिट्टी के ढेर में दबकर दो बच्चों की मौत, तीन अन्य गंभीर रूप से घायल

सहारनपुर में ईंट-भट्ठे पर मिट्टी के ढेर में दबकर दो बच्चों की मौत, तीन अन्य गंभीर रूप से घायल

Text Size:

सहारनपुर (उप्र) 14 अप्रैल (भाषा) सहारनपुर में मंगलवार को एक ईंट भट्ठे पर खेल रहे पांच बच्चों पर मिट्टी का ढेर गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

मृतकों की जावेद (आठ) अमिया (11) के रूप में हुई है।

घायल तीनों बच्चों को सहारनपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

चिलकाना थाना प्रभारी निरीक्षक सिमरन सिंह ने बताया कि यह घटना संगमोर गांव के पास हुई, जहां शामली जिले से आए मजदूर अपने परिवारों के साथ ईंट भट्ठे पर काम करते हैं और रहते हैं।

उन्होंने बताया कि मिट्टी की खुदाई से बने एक गड्ढे में पांच बच्चे खेल रहे थे, तभी मिट्टी का एक बड़ा ढेर अचानक गिर गया और सभी बच्चे उसके नीचे दब गए।

घटनास्थल पर मौजूद अन्य मजदूरों ने तुरंत बच्चों को बचाने के लिए प्रयास शुरू किए और काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला।

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद बच्चों को पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

सिंह ने बताया कि मजदूरों और भट्ठा मालिक के बीच आपसी समझौता हो गया है और उन्होंने इस मामले में किसी कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, भट्ठे पर काम करने वाले अधिकांश मजदूर शामली जिले के कढला क्षेत्र के हैं और वे पिछले करीब एक दशक से वहां काम कर रहे हैं।

मृत बच्चों के शवों को बाद में संगमोर गांव के कब्रिस्तान में दफना दिया गया।

भाषा सं आनन्द जोहेब

जोहेब

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments