scorecardresearch
Friday, 17 April, 2026
होमदेशत्रिपुरा जनजातीय परिषद चुनाव: टीएमपी के भाजपा के साथ गठबंधन करने की संभावना

त्रिपुरा जनजातीय परिषद चुनाव: टीएमपी के भाजपा के साथ गठबंधन करने की संभावना

Text Size:

अगरतला, 19 मार्च (भाषा) टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) के वरिष्ठ विधायक रंजीत देबबर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि पार्टी त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (टीटीएएडीसी) के चुनावों के लिए सत्तारूढ़ भाजपा के साथ गठबंधन करने की योजना बना रही है।

त्रिपुरा में टीएमपी, माणिक साहा के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार का हिस्सा है, लेकिन जनजातीय परिषद में यह सत्ता साझा नहीं करती।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘इस समय दिल्ली में मौजूद पार्टी प्रमुख प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा भाजपा नेताओं बीएल संतोष और संबित पात्रा से बातचीत कर रहे हैं। हमारा मानना ​​है कि जनजातीय परिषद के चुनावों में टीएमपी और भाजपा दोनों का संयुक्त रूप से चुनाव लड़ना फायदेमंद होगा।’’

टीटीएएडीसी की 28 सीट के लिए चुनाव 12 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 17 अप्रैल को होगी।

(रंजीत) देबबर्मा ने कहा कि पार्टी प्रमुख जनजातीय परिषद चुनावों के लिए सीट बंटवारे की व्यवस्था को अंतिम रूप देने के लिए जल्द ही भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक करेंगे।

वर्ष 2021 के चुनावों में, टीएमपी ने 18 सीट जीती थीं, जबकि इंडिजीनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने वाली भाजपा ने 30 सदस्यीय परिषद में नौ सीट हासिल की थीं।

दो सदस्यों को राज्यपाल द्वारा मनोनीत किया जाता है।

भाषा देवेंद्र पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments