scorecardresearch
Thursday, 22 October, 2026
होमदेशत्रिपुराः वाम दलों के नेताओं ने सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग की

त्रिपुराः वाम दलों के नेताओं ने सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग की

Text Size:

अगरतला, 22 अक्टूबर (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत वाम मोर्चा ने बृहस्पतिवार को त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा से अगरतला नगर निगम (एएमसी) समेत 21 शहरी निकायों के चुनावों में सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय बलों की तैनाती का आग्रह किया।

वाम मोर्चा के संयोजक माणिक डे ने संवाददाताओं से कहा कि एक प्रतिनिधिमंडल ने साहा से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के उपायों पर चर्चा की।

डे ने कहा, “हमने चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र और निष्पक्ष बनाने के लिए मतदान के दिन केंद्रीय बलों की तैनाती सुनिश्चित करने के वास्ते उनसे स्पष्ट रूप से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।”

उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को हाल ही में संपन्न त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (टीटीएएडीसी) और ग्राम समितियों के चुनावों के दौरान वामपंथी दलों को पेश आई कठिनाइयों से भी अवगत कराया।

उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम समिति चुनावों के दौरान टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) और उसकी सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कथित बाधाओं के कारण वामपंथी दल आठ ब्लॉक में नामांकन पत्र दाखिल नहीं कर सके।

डे ने कहा, “हमने मुख्यमंत्री से शहरी निकायों के शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त केंद्रीय बलों की व्यवस्था करने का आग्रह किया।”

उन्होंने बताया कि साहा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वह शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त केंद्रीय बलों की व्यवस्था करने का प्रयास करेंगे।

डे ने कहा कि मुख्यमंत्री ने वाम मोर्चा को मतदान केंद्रों पर केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग और पुलिस महानिदेशक जी एस राव से संपर्क करने की भी सलाह दी।

शहरी निकायों के चुनाव नवंबर में होने की संभावना है।

भाषा तान्या नरेश अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments