scorecardresearch
Thursday, 23 April, 2026
होमदेशकार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण भाजपा की सबसे बड़ी ताकत : सम्राट चौधरी

कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण भाजपा की सबसे बड़ी ताकत : सम्राट चौधरी

Text Size:

पटना, 23 अप्रैल (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का संगठन ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ताओं का सतत प्रशिक्षण संगठन को मजबूती प्रदान करता है।

उन्होंने पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026’ के अंतर्गत प्रदेश प्रशिक्षण योजना को लेकर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा के प्रति अधिक प्रतिबद्ध बनाता है।

चौधरी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘एकात्म मानववाद’ के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने में यह महाभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत भाजपा संगठन के सभी 52 जिलों में व्यापक स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे प्रत्येक स्तर के कार्यकर्ताओं को वैचारिक और संगठनात्मक रूप से सशक्त किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाएं, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक इनका लाभ सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता केवल एक राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त वाहक है। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और जनसेवा की भावना का विकास होता है, जो संगठन को नयी ऊंचाइयों तक ले जाता है।

चौधरी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और पार्टी की नीतियों एवं सिद्धांतों के साथ-साथ सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें।

बैठक में संगठनात्मक मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और प्रशिक्षण की विस्तृत योजना पर भी चर्चा की गई। वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने अपने सुझाव भी साझा किए।

भाषा

कैलाश रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments