scorecardresearch
Monday, 23 November, 2026
होमदेशयुवराज विलियम की यात्रा को लेकर दक्षिण मुंबई में 16 नवंबर से यातायात प्रतिबंध लागू

युवराज विलियम की यात्रा को लेकर दक्षिण मुंबई में 16 नवंबर से यातायात प्रतिबंध लागू

Text Size:

मुंबई, 15 नवंबर (भाषा) ब्रिटेन के युवराज विलियम की प्रस्तावित यात्रा के मद्देनजर मुंबई की यातायात पुलिस ने रविवार को घोषणा की कि 16 से 19 नवंबर तक शहर के कुछ हिस्सों में अस्थायी रूप से यातायात मार्ग परिवर्तित रहेंगे, सड़कें बंद रहेंगी और पार्किंग पर पाबंदियां रहेंगी।

प्रिंस विलियम और वेल्स की राजकुमारी कैथरीन के 16 से 18 नवंबर तक शहर के दौरे से पहले ये पाबंदियां लगाई गई हैं। इस दौरान वे ‘अर्थशॉट प्राइज समिट’ और ‘अवार्ड्स नाइट’ में शामिल होंगे।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण यातायात) हेमराजसिंह राजपूत ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत जारी आदेश में कहा कि इन प्रतिबंधों का उद्देश्य जाम की स्थिति को रोकना और वाहनों की आवाजाही को सुचारू बनाए रखना है। हालांकि, एम्बुलेंस, दमकल गाड़ियों, पुलिस और अन्य आपातकालीन वाहनों को इससे छूट दी गई है।

अधिसूचना के अनुसार, सोमवार को विशेष यातायात नियम लागू रहेंगे। हुतात्मा राजगुरु चौक पर मैडम कामा रोड से फ्री प्रेस रोड की ओर मुड़ने वाला दायां मोड़ और इसी चौराहे पर फ्री प्रेस रोड के उत्तर की ओर जाने वाले मार्ग से दक्षिण की ओर जाने वाले मार्ग की तरफ मुड़ने वाला यू-टर्न — जो सामान्य यातायात के लिए आमतौर पर बंद रहते हैं — केवल वीआईपी वाहनों के लिए खुले रहेंगे।

आदेश के मुताबिक, शहीद भगत सिंह मार्ग से अवतार सिंह बेदी चौक की ओर जाने वाले वाहनों को वालचंद हीराचंद मार्ग पर या बैलार्ड पियर उतरने वाले स्थान (अलाइटिंग पॉइंट) की तरफ दाएं मुड़ने की अनुमति नहीं होगी, यह स्थान केवल वीवीआईपी काफिलों के लिए खुला रहेगा। इसके अलावा, एन. मोरारजी रोड पर उत्तर-दक्षिण दिशा में सामान्य यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।

अधिकारी ने बताया कि सोमवार को एन. मोरारजी रोड, जे. एन. हेरेडिया मार्ग और वालचंद हीराचंद मार्ग पर पार्किंग पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। उन्होंने कहा कि वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे इन चार दिनों के दौरान अपनी यात्रा की योजना उसी हिसाब से बनाएं और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments