scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशतिरुपति: पत्नी और मां की हत्या के बाद व्यक्ति ने बच्चों संग ट्रेन के आगे कूदकर जान दी

तिरुपति: पत्नी और मां की हत्या के बाद व्यक्ति ने बच्चों संग ट्रेन के आगे कूदकर जान दी

Text Size:

तिरुपति, 24 अप्रैल (भाषा) तिरुपति जिले में एक व्यक्ति ने पत्नी और मां की कथित तौर पर हत्या कर दी और बाद में अपने दो बच्चों संग ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान वेंकटकृष्णपलेम गांव के निवासी मोहन (37), उनकी पत्नी हरिता (35), मां चंद्रकला (65) और दो नाबालिग बच्चों के रूप में हुई है।

पुत्तूर के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) जी. रवि कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘मोहन ने 22 अप्रैल को तिरुपति जिले में पहले पत्नी और मां की हत्या की तथा बाद में अपने बच्चों संग चलती ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।’

उन्होंने कहा, ‘‘अभी तक कोई स्पष्ट मकसद सामने नहीं आया है, इसलिए हम हर पहलू की जांच कर रहे हैं। यह भी देखा जा रहा है कि मोहन किसी मानसिक समस्या से तो नहीं जूझ रहा था।’’

प्रारंभिक जांच के अनुसार, मोहन ने अपने घर में साड़ी से पत्नी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या की और बाद में इसी तरह अपनी मां को भी मार डाला।

मां और पत्नी की हत्या के बाद मोहन अपने बच्चों के स्कूल पहुंचा और पारिवारिक आपात स्थिति का हवाला देकर उन्हें वहां से ले गया। इसके बाद शाम करीब सात बजकर 15 मिनट पर वेपगुंटा रेलवे स्टेशन के पास मोहन ने अपने बच्चों संग एषुंबूर-काचीगुडा ट्रेन के आगे छलांग लगा दी।

इस बीच, पुलिस ने दोनों महिलाओं की हत्या के संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया है, जबकि राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) रेलवे लाइन के पास हुई मौतों की अलग से जांच कर रही है।

भाषा तान्या खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments