नयी दिल्ली, 25 जुलाई (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को ‘‘शिक्षा व्यवस्था’ को फिर से संवारने की दिशा में ‘बड़ा कदम’ बताया और कहा कि ‘‘इस सरकार को हटाने का वक्त आ गया है।’’
राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर देशभर के छात्रों को बधाई देते हुए कहा, ‘‘शाबाश देश भर के छात्रों, आप सभी पर गर्व है।’’
उन्होंने ‘सड़कों पर उतरकर लोकतंत्र, संविधान और अपने भविष्य की रक्षा के लिए डटकर खड़े होने वाले’ हर युवा और छात्र को बधाई दी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि अभी ‘‘दो मांगें’’ बाकी हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री से छात्रों और भारत के भविष्य को सम्मान देते हुए माफी मांगने तथा छात्रों पर हिंसा के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
राहुल गांधी ने कहा कि समाज के दूसरे वर्गों, किसानों, मजदूरों, गरीबों और इस सरकार द्वारा दबाए गए और कुचले गए लोगों का अपने सम्मान की खातिर संवैधानिक तरीके से डटकर खड़े होना ही ‘‘असली साहस’’ है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस सरकार को हटाने का वक्त आ गया है। डरो मत!’’
भाषा हक दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.