उमरिया (मप्र), 11 अप्रैल (भाषा) मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य (बीटीआर) में बाघों के हमले में दो साल के एक हाथी की मौत हो गयी। बांधवगढ़ में इस तरह से हाथी के मौत की यह पहली घटना है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
बीटीआर के क्षेत्र निदेशक राजीव मिश्रा ने कहा कि एक गश्ती दल ने सोमवार को अभयारण्य के पनपता रेंज में एक हाथी का शव देखा। क्षेत्र का निरीक्षण करने पर पता चला कि बाघों ने हाथी के शरीर के पिछले हिस्से को खा लिया है।
अधिकारी ने कहा कि क्षेत्र में बाघों के पैरों के निशान पाए गए हैं क्योंकि बाघ शव को दूर तक घसीटते हुए ले गए थे। अभयारण्य में बाघों द्वारा हाथी के शिकार का यह पहला मामला है।
उन्होंने कहा कि गश्ती दल ने इलाके में एक बाघ को भी देखा है।
अधिकारी ने कहा कि हाथी के शरीर के अंग जैसे दांत और नाखून बरकरार थे।
भाषा सं दिमो सुरभि
सुरभि
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.