scorecardresearch
Thursday, 22 October, 2026
होमदेशटाइगर श्रॉफ गोलीबारी मामला: अनिल पंडित वांछित आरोपी घोषित, चार को पुलिस हिरासत में भेजा गया

टाइगर श्रॉफ गोलीबारी मामला: अनिल पंडित वांछित आरोपी घोषित, चार को पुलिस हिरासत में भेजा गया

Text Size:

मुंबई, 22 अक्टूबर (भाषा) मुंबई पुलिस ने बृहस्पतिवार को यहां एक अदालत को बताया कि बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने वाले गैंगस्टर अनिल पंडित को वांछित आरोपी नामजद किया गया है। वहीं मामले में गिरफ्तार चार लोगों को अदालत ने 26 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

एस्प्लेनेड मजिस्ट्रेट अदालत ने चारों आरोपियों को 26 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। इन आरोपियों में हरियाणा के सोनीपत जिले का कुणाल (21) और सुमित (19) तथा उत्तर प्रदेश निवासी राधा (23) और बबीता (23) शामिल हैं।

लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य पंडित ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए 18 अक्टूबर को श्रॉफ पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली थी।

मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने चारों आरोपियों को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करते हुए कहा कि श्रॉफ पर गोलीबारी पंडित के निर्देश पर की गई थी और चारों उन तीन व्यक्तियों के साथ साजिश में सक्रिय रूप से शामिल थे जिन्हें पहले गिरफ्तार किया गया है।

जांचकर्ताओं ने चारों आरोपियों की हिरासत का अनुरोध करते हुए कहा कि इन चार आरोपियों ने शूटर को हथियार मुहैया कराए थे।

पुलिस ने बताया कि कुणाल और सुमित ने अनिल पंडित के निर्देश पर अमृतसर से एक पिस्तौल और 20 कारतूस लिये थे, जबकि राधा और बबीता मुंबई आईं और उन्होंने साजिश में शामिल अन्य लोगों को हथियार सौंप दिया।

बचाव पक्ष के वकीलों अजिंक्य मिरगुल और सत्यव्रत जोशी ने हिरासत के अनुरोध का विरोध करते हुए कहा कि इन चार आरोपियों के खिलाफ कोई सामग्री नहीं है और उन्हें केवल संदेह के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने चारों आरोपियों को 26 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

मुंबई के जुहू इलाके में 18 अक्टूबर की शाम दो लोगों ने श्रॉफ की कार पर गोलियां चलाईं और फिर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। अभिनेता बाल-बाल बच गए, जबकि उनका चालक और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। बाद में मोटरसाइकिल अंधेरी में लावारिस हालत में मिली।

मुंबई पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर अब तक कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।

भाषा अमित अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments