जयपुर, 13 मार्च (भाषा) राजस्थान के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव होने से शनिवार से आंधी आने व हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है जिससे आगामी एक- दो दिन आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं तथा तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।
वहीं 14-15 मार्च को अजमेर, जयपुर, भरतपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिले, गंगानगर, हनुमानगढ़ जिलों व आसपास के क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की आंधी आने बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।
इसी तरह एक और नए पश्चिमी विक्षोभ के 19-21 मार्च के दौरान सक्रिय होने तथा कहीं-कहीं आंधी आने व बारिश होने का अनुमान है।
वहीं शुक्रवार को राज्य में बाड़मेर सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पाली में 38.2 डिग्री, जोधपुर में 38.1 डिग्री और कोटा तथा चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य की राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भाषा पृथ्वी जोहेब
जोहेब
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
