बिलासपुर, 15 अक्टूबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में सड़क हादसे में भारतीय जनता पार्टी के विधायक और पूर्व मंत्री के भाई समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र के दशरंगपुर गांव में एक वाहन की टक्कर से मुंगेली के विधायक और पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीर मोहले (60), बल्लू बघेल (55) और गंगाराम की मौत हो गई।
जरहागांव के थाना प्रभारी दिव्यकांत पांडेय ने बताया कि आज सुबह लगभग साढ़े छह बजे दशरंगपुर गांव में विधायक पुन्नूलाल मोहले के ताऊ के बेटे अधीर मोहले, बल्लू बघेल और गंगाराम के साथ अपने घर के सामने टहल रहे थे।
पांडेय ने बताया कि उसी दौरान बिलासपुर से मुंगेली की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार छोटे मालवाहक वाहन ने तीनों को टक्कर मार दी जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल रवाना किया गया तथा स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तीनों को तत्काल मुंगेली के जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्रारंभिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद विधायक मोहले तथा उनके समर्थक अस्पताल पहुंच गए थे।
पांडेय ने बताया कि घटना के बाद वाहन चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा वाहन चालक की तलाश की जा रही है। गंगाराम भाटापारा गांव के निवासी थे और मोहले के मेहमान थे।
भाषा सं संजीव राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.